Breaking News

अरबपति एलन मस्‍क ने चंद्रयान.3 की सफलता पर दिया बड़ा बयान, कहा-भारत ने इंटरस्‍टेलर फिल्‍म से भी कम बजट में चांद पर अपना यान पहुंचाया है

वॉशिंगटन: भारत को चंद्रयान- 3 के चांद पर उतरने पर पूरे विश्व से बधाईयां मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। इस बीच दुनिया के शीर्ष अरबपतियों में शामिल स्‍पेसएक्‍स कंपनी के मालिक एलन मस्‍क ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग की  जमकर तारीफ की है। चांद के दक्षिणी ध्रुव के पास सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला भारत दुनिया का पहला देश बन गया है   है। भारत की इस ऐतिहासिक सफलता पर एलन मस्‍क ने एक ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी जिसमें कहा गया है कि भारत ने इंटरस्‍टेलर फिल्‍म से भी कम बजट में चांद पर अपना यान पहुंचाया है। भारत के चंद्रयान-3 मिशन का बजट 620 करोड़ रुपए (75 मिल‍ियन डॉलर) के आसपास था जबकि इंटरस्‍टेलर का बजट 165 मिल‍ियन डॉलर था।

बता दें कि मस्‍क  ने हजारों उपग्रह से लेकर मंगल ग्रह पर बस्‍ती बसाने तक का महाप्‍लान बनाया है।   एलन मस्‍क ने कहा है कि उनका इरादा सिर्फ मंगल ग्रह पर जाने का नहीं है, बल्कि वह इंसानी कॉलोनी बसाना चाहते हैं। उन्‍होंने कहा कि धरती पर तमाम खतरे मंडरा रहे हैं और इंसान के अस्तित्‍व को बचाने के लिए हमें किसी और ग्रह पर भी जीवन का विस्‍तार करना होगा। मस्‍क ने पहले दावा किया था कि साल 2026 में मंगल ग्रह के लिए कदम बढ़ाया जाएगा लेकिन अब उन्‍होंने इसकी डेट बढ़ा दी है। एलन मस्‍क ने कहा कि साल 2029 तक अब इंसान मंगल ग्रह पर कदम रख पाएगा। उन्‍होंने कहा कि साल 2050 तक मंगल ग्रह पर इंसानी बस्‍ती बसाने का सपना पूरा हो जाएगा। मंगल ग्रह तक सफर के लिए एलन मस्‍क बहुत तेजी से अपने स्‍टारशिप रॉकेट पर काम कर रहे हैं। यह रॉकेट इंसानों को चांद से लेकर मंगल ग्रह तक ले जाएगा।

हालांकि अभी तक एलन मस्‍क के रॉकेट को बहुत खास कामयाबी नहीं मिल पाई है। एलन मस्‍क के इस प्रॉजेक्‍ट चांद और मंगल को लेकर कई अरबपति अपनी रुचि दिखा चुके हैं।एलन मस्‍क अ‍ब तक करीब 4 हजार सैटलाइट को अंतरिक्ष में लॉन्‍च कर चुके हैं। साल 2016 में एलन मस्‍क ने कहा था कि वह ऐसा रॉकेट बनाना चाहते हैं जो इंसान को मंगल ग्रह तक ले जाने में सक्षम हो। इसकी मदद से मंगल ग्रह पर बस्‍ती बसाने का रास्‍ता साफ हो सके।

 

उन्‍होंने कहा था कि यह ऐसा कुछ है जिसे हम अपने जीवन में कर सकते हैं। मस्‍क ने बताया था कि मंगल ग्रह पर जिंदा रहने और बस्‍ती बसाने के लिए 1000 स्‍टारशिप रॉकेट और 10 लाख टन विटामिन सी की जरूरत होगी। उन्‍होंने कहा था कि मंगल ग्रह पर जिंदा रहने के लिए हमें एक ऐसा शहर बसाना होगा जो खुद ही आपको चला सके और उसे धरती की जरूरत न हो। इसमें एलन मस्‍क को काफी खर्चा आएगा और माना जा रहा है कि इसीलिए वह इसरो के कम बजट वाले चंद्रयान की तारीफ कर रहे हैं।