Breaking News

कोरोना वैक्सीन पर फिर बोले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव- वैज्ञानिकों पर पूरा भरोसा लेकिन भाजपा पर नहीं

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि थाली-ताली वाली अवैज्ञानिक सोच की भाजपा सरकार पर कोई भरोसा नहीं किया जा सकता है। जनता में भरोसा हो इसलिए सरकार को टीकाकरण में व्यवस्था की खामियां दूर करनी चाहिए। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं खुद बीमार हो गई हैं। गरीब का इलाज महंगा तो हुआ ही, अस्पतालों में अव्यवस्था का शिकार भी वही बन रहा है। मुख्यमंत्री की कोशिश हर क्षेत्र में कथित उपलब्धियों पर श्रेय लेने की रहती है। हकीकत से उनका कोई वास्ता ही नहीं है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल के चार सालों में सार्थक तो कुछ किया नहीं, जो अच्छे काम सपा सरकार के कार्यकाल में हुए उनको भी बर्बाद कर दिया। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा को वैक्सीन पर दावा क्यों करना चाहिए? यह अत्यंत संवेदनशील मसला है। सपा को वैज्ञानिकों की दक्षता पर पूरा भरोसा है पर भाजपा पर नहीं। अखिलेश यादव ने कहा कि जनता में भरोसा हो इसलिए सरकार को टीकाकरण में व्यवस्था की खामियां दूर करनी चाहिए। उनका कहना था कि भाजपा नादानी न करे, नादान की दोस्ती जी का जंजाल बन जाती है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बताया कि सपा सरकार ने कैंसर, किडनी, लिवर और हार्ट गंभीर बीमारियों के मुफ्त इलाज की सुविधा दी थी। राजधानी लखनऊ में कैंसर अस्पताल बनाया था। भाजपा ने जनता को बेहतर जिंदगी के साधन देने के बजाए स्वास्थ्य सेवाओं को ही आइसीयू में भर्ती कर दिया है।