चंडीगढ़ हरियाणा विधानसभा चुनाव एक अक्तूबर को होंगे। चार अक्तूबर को परिणाम आएगा। इस बार भाजपा और कांग्रेस की तरफ से खिलाड़ियों को टिकट दिए जाएंगे।
खेलों के दंगल में विरोधियों को धूल चटाने वाले हरियाणा के छह से अधिक खिलाड़ी इस बार विधानसभा चुनाव की सियासी पिच पर दम दिखा सकते हैं। अलग-अलग दल अलग-अलग खिलाड़ियों को साधने में जुटे हैं।
ओलंपियन योगेशवर दत्त 2019 में बरोदा से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। बरोदा उपचुनाव में भी उन्होंने भाजपा से अपनी किस्मत आजमाई थी, लेकिन दोनों बार हार का सामना करना पड़ा। इसी प्रकार ओलंपियन खिलाड़ी बबीता फोगाट ने चरखी दादरी से भाजपा के टिकट पर विधानसभा 2019 का चुनाव लड़ा था, लेकिन निर्दलीय प्रत्याशी सोमबीर सांगवान ने उनको हरा दिया था। हॉकी के पूर्व कप्तान संदीप सिंह भाजपा के टिकट पर पिहोवा से विधायक चुने गए और मनोहर लाल सरकार में मंत्री भी बने। ये तीनों ही खिलाड़ी फिर से अपने-अपने हलकों में सक्रिय हैं और टिकट के लिए मजबूती से दावा ठोक रहे हैं।