Breaking News

वाराणसी में शि‍वपाल कहा-भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए हम एक हो गए, अब आपकी बारी

वाराणसी,। अखिलेश यादव और ममता बनर्जी की संयुक्‍त जनसभा रिंगरोड के समीप ऐढ़े में आयोजित की जा रही है। अखिलेश- ममता की संयुक्त जनसभा में लोगों के आने का क्रम सुबह से शुरू हुआ तो दिन चढ़ने तक जारी रहा। मंच पर सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर और सपा प्रदेश अध्‍यक्ष नरेश उत्तम पहुंचे और आयोजन का जायजा भी लिया। वहीं सपा, सुभासपा और टीएमसी के झंडों से मैदान पटा हुआ नजर आ रहा है। शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी भी रैली में शामिल हुए और सुपरटेट पास अभ्‍यर्थियों में सभी की नियुक्ति के लिए अपनी मांग को बुलंद करते नजर आए।

बोले शि‍वपाल : शि‍वपाल यादव ने कहा कि हम और अखिलेश अब एक हो गए हैं। अब आपको निर्णय लेना है। भाजपा को सत्ता से बेदखल करना है। हम आपसे पूछना चाहते हैं कि वाराणसी की सभी सीटों पर क्या आप सपा के नेताओं पर आशीर्वाद देंगे। हम आपसे आग्रह करते हैं कि जहां भी गठबंधन का प्रत्याशी हो वहां अपना आशीर्वाद बनाएं।

बोले रामगोपाल : रामगोपाल यादव ने क‍हा कि भाजपा की तरह सपा का घोषणा पत्र फर्जी नहीं है। हम जो कहते हैं वह करते हैं। बात चाहे शिक्षा मित्रों के नियमित करने की हो या फिर आशा बहनों के मानदेय बढ़ाने की हो। हम जो भी वादा कर रहे हैं वह पहली कैबिनेट में पूरी करेंगे। भाजपा के लोगों को पश्चिमी से समाजवादियों ने भागना शुरू किया है। यह सिलसिला सात मार्च को समाप्त हो जाएगा। अभी तो उत्तर प्रदेश की यह स्थिति है वर्ष 2024 में क्या होगा। अगर युवाओं का उत्साह इसी तरह कायम रहा तो वर्ष 2024 में भाजपा समाप्त हो जाएगी।

बोले ओम प्रकाश राजभर : सुभासपा नेता ने कहा कि हल्ला बहुत बा, केतना लोग अखिलेश के मुख्यमंत्री बनावे के तैयार बा। इस पर हाथ उठाकर जनता ने समर्थन दिया। प्रदेश में एक नई बीमारी आई है। बीमारी का नाम मोदी और योगी नामक भगवा सांड हैं। इनको भगाना जरूरी है। हम यहां उपस्थित सभी कर्मचारियों और उत्साहित युवाओं से कहना चाहता हूं कि आप सभी सपा को समर्थन दें। सरकार बनाएं हम शिक्षक भर्ती हो या पुलिस भर्ती हो सबका हल निकालेंगे। योगी मेरी हत्या कराना चाहते हैं। जब मैं अपने बेटे का नामांकन कराने पहुंचा तो योगी के गुंडों ने हमारे साथ बदसलूकी की। बेचारे प्रधानमंत्री आज वोट के लिए जिले जिले घूम रहे हैं।

बोले जयंत चौधरी : गठबंधन नेता जयंत ने कहा कि आज हम देश बचाने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। युवा साथियों आप अपना समर्थन समाजवादी को दें। आज साथियों हमारे देश के कई लोग यूक्रेन में फंसे हैं। सरकार केवल दिखावा कर रही है। आज से कुछ वर्ष पहले भी इस तरह हुआ था। तब सरकार ने उन लोगों को वापस लाया। जिसकी चर्चा गिनीज बुक में भी हुई थी। आज भाजपा के लोगों से पूछिए कि यूपी चुनाव में का बा। यूपी चुनाव में गठबंधन बा। अब तो बंगाल से ममता दीदी भी बनारस आ गई हैं।