Breaking News

लोकतंत्र में जो लोग भी वोट देने का अधिकार रखते हैं वह चुनाव लड़ने का भी अधिकार रखते हैं : ओमप्रकाश

लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होते दिखाई दे रही है। आज उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन फाइनल हो गया है। इन सबके बीच एनडीए में भी खींचतान की संभावनाएं अब दिखाई देने लगी है दरअसल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा के सामने एक बड़ी डिमांड रख दी है। उन्होंने भाजपा से लोकसभा चुनाव में पांच सीटों की डिमांड की है जिनमें से तीन सीटें उत्तर प्रदेश की जबकि दो सीटें उन्होंने बिहार से मांगी है। उत्तर प्रदेश से उन्होंने सलेमपुर, घोसी और गाजीपुर की मांग रखी है। साथ ही साथ उन्होंने यह भी कहा कि हमने मांगा है अगर मिल जाए तो ठीक है।

चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जो लोग भी वोट देने का अधिकार रखते हैं वह चुनाव लड़ने का भी अधिकार रखते हैं। ओमप्रकाश राजभर ने इंडिया गठबंधन पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि वह मिलकर लड़े या अलग-अलग हो लड़े, इसका कोई मतलब नहीं है। उत्तर प्रदेश की 80 की 80 सीटें एनडीए जीतेगी। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के पास कोई ताकत नहीं है। पूरा देश मोदी जी को प्रधानमंत्री बनने के लिए तत्पर है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने जब तक जितने भी प्रत्याशियों को घोषित किया है वह सभी हरने वाले हैं। उन्होंने महाराजा सुहेलदेव को भारत रत्न देने की मांग की।

शिवपाल यादव के बदायूं से चुनाव लड़ने की खबर पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने उन्हें रसातल में भेजने के लिए वहां भेजा है। शिवपाल यादव वहां कभी नहीं गए हैं। शादी विवाह में जाते होंगे। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच उत्तर प्रदेश में सीटों का बंटवारा हो गया है। दोनों ओर से आज आधिकारिक तौर पर कहा गया है कि हम आगामी लोकसभा चुनाव में मिलकर साथ लड़ेंगे। यह इंडिया गठबंधन के लिए बड़ी खबर है। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि मुझे आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि यह निर्णय लिया गया है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और शेष 63 सीटों पर सपा और अन्य दलों के इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार होंगे।