Breaking News

कांग्रेस और राजद की एक बड़ी रैली होने वाली है , रैली में राहुल गांधी के साथ तेजस्वी यादव और लालू प्रसाद यादव भी शामिल होंगे

लोकसभा चुनाव के दहलीज पर देश खड़ा है। यही कारण है कि राजनीतिक दल अपनी तैयारी में जुटे हुए हैं। इन सबके बीच बिहार में कांग्रेस और राजद की एक बड़ी रैली होने वाली है। इस रैली में राहुल गांधी के साथ तेजस्वी यादव और लालू प्रसाद यादव भी शामिल होंगे। बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि महागठबंधन ने 3 मार्च को पटना के गांधी मैदान में ‘जन विश्वास यात्रा’ आयोजित करने का फैसला किया है। रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद के लालू यादव और तेजस्वी यादव शामिल होंगे।

वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को अपनी 10 दिवसीय जन विश्वास यात्रा शुरू करते हुए अपनी पार्टी के लिए एक नया, समावेशी नारा दिया, जिसके दौरान वह बिहार के 38 जिलों की यात्रा करेंगे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि राजद मेरी पार्टी है। राजद अकेली मेरी (मुस्लिम-यादव) पार्टी नहीं है। इसका आधार बहुत बड़ा है और यह A से Z तक के लोगों का है। हमें उन्हें बताना है कि हमारी पार्टी राजद केवल (MY) पार्टी नहीं बल्कि BAAP पार्टी भी है। उन्होंने कहा कि हम जोड़ने वाले लोग हैं, तोड़ने वाले नहीं। बीजेपी लोगों को बांटना चाहती है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’’ शुक्रवार को बिहार के सासाराम जिले से फिर से शुरू हुई और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव इस यात्रा में शामिल होने के साथ कांग्रेस नेता के सारथी की भूमिका में दिखाई दिए। कांग्रेस सांसद राहुल ने रोहतास जिले के डेहरी मुफस्सिल थाना अंतर्गत जमुहार में रात्रि विश्राम के बाद तेजस्वी के साथ एक लाल खुली जीप में सवार होकर यात्रा कीशुरुआत की। तेजस्वी जीप चला रहे थे वहीं कांग्रेस नेता राहुल बगल की सीट में बैठे थे। जीप में पीछे लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार बैठी हुईं थीं। दोनों युवा नेताओं ने सड़क पर एकत्र भीड़ की ओर हाथ हिला कर उनका अभिवादन किया।