Breaking News

यूपी मंत्रिमंडल विस्तार जल्द: रालोद के एक विधायक को मिल सकता है मंत्रीपद

बागपत यूपी मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द हो सका है। वहीं, यूपी मंत्रिमंडल में रालोद के एक विधायक को जगह मिल सकती है। माना जा रहा है कि रालोद के एक विधायक का मंत्री बनना लगभग तय है।

उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल का विस्तार होने की चर्चाएं तेज हो गईं हैं। जहां दिल्ली में भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक हुई तो वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मुलाकात की। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि यूपी में जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार होने वाला है।

वहीं, मंत्रिमंडल में रालोद के एक विधायक को शामिल किया जा सकता है। वैसे भी हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में रालोद के सभी विधायकों ने भाजपा के प्रत्याशी के समर्थन में वोट किया था।

माना जा रहा है कि यूपी मंत्रिमंडल विस्तार में आरएलडी के एक विधायक को मंत्री बनाया जा सकता है। कहा जा रहा है कि रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह मुस्लिम और गुर्जर चेहरे पर दांव खेलने की तैयारी में हैं।

बताया गया कि आज यानी शुक्रवार को जेपी नड्डा और जयंत चौधरी की मुलाकात होगी। आज रालोद के साथ भाजपा का औपचारिक गठबंधन हो सकता है। सूत्र के अनुसार, भाजपा ने रालोद को बागपत, बिजनौर सीट दी है। यूपी में मंत्रिपरिषद विस्तार में रालोद के दो विधायक मंत्री बन सकते हैं। रालोद का एक कैबिनेट और एक राज्यमंत्री पद तय माना जा रहा है। सूत्र की मानें तो राजभर की पार्टी से सिर्फ राजभर मंत्री बनेंगे।

भाजपा यूपी में सहयोगी दलों ओम प्रकाश राजभर की सुभासपा (एक सीट), अपना दल (दो सीट), निषाद पार्टी (एक सीट) और रालोद (दो सीट) को छह सीटें देने पर सहमत हो गई है। संभावित मंत्रिमंडल विस्तार में ओमप्रकाश राजभर, दारा सिंह चौहान को मंत्री बनाया जा सकता है।