Breaking News

मैंने प्यार किया से रातोंरात स्टार बनी थी भाग्यश्री आज मना रही है अपना 53वां जन्म दिन

पहली ही फिल्म मैंने प्यार किया से रातोंरात स्टार बनने वालीं भाग्यश्री का आज जन्मदिन है। 23 फरवरी 1969 को जन्मी भाग्यश्री आज अपना 53वां जन्मदिन मना रही हैं। पहली फिल्म से ही भाग्यश्री का स्टारडम चमक गया था और सलमान खान के साथ उनकी केमेस्ट्री को भी खूब पसंद किया गया। आज भाग्यश्री फिल्मों से दूर हैं। हाल ही में उनकी बेटी ने भी वेब सीरीज से डेब्यू किया है। भाग्यश्री का लुक अब पहले से काफी बदल गया है।
भाग्यश्री का जन्म महाराष्ट्र के सांगली के शाही परिवार में हुआ। उनके पिता विजय सिंहराव माधवराव पटवर्धन सांगली के राजा हैं। तीन बहनों में भाग्यश्री सबसे बड़ी हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमोल पालेकर के सीरियल कच्ची धूप से की थी।
पहली ही फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ के बाद भाग्यश्री बिजनेसमैन हिमालय दासानी के साथ शादी के बंधन में बंध गईं और शादी के बाद उन्होंने सिर्फ तीन फिल्मों में ही काम किया। मात्र 19 साल की उम्र में ही उन्होंने शादी करने का फैसला कर लिया जो उनके करियर के लिए खतरनाक साबित हुआ।
हालांकि एक दशक बाद भाग्यश्री ने फिल्मों में फिर से किस्मत आजमाने की सोची लेकिन वो कामयाब नहीं रहीं। भाग्यश्री ने हिंदी के अलावा भोजपुरी, मराठी और तेलुगु फिल्मों में भी अभिनय किया है। पर भाग्यश्री वो चार्म नहीं बिखेर पाईं जो उनकी पहली फिल्म में दिखा।
फिलहाल भाग्यश्री फिल्मों में भले ही कम दिखती हैं लेकिन वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं और अपने प्रशंसकों के लिए तस्वीरें साझा करती रहती हैं। 50 पार कर चुकीं भाग्यश्री आज भी स्टाइल के मामले में बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेसेस को टक्कर देती हैं। उनको देखकर सच में ये कहना काफी मुश्किल है कि भाग्यश्री 53 साल की हैं।