Breaking News

मेरे भविष्य की राजनीतिक जिम्मेदारियां पार्टी और इसके संयोजक अरविंद केजरीवाल तय करेंगे: सत्येंद्र जैन

आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र जैन ने शनिवार को कहा कि उनकी भविष्य की राजनीतिक जिम्मेदारियां पार्टी औरइसके संयोजक अरविंद केजरीवाल तय करेंगे। दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को धन शोधन के एक मामले में शहर की एक अदालत द्वारा जमानत दिए जाने के कुछ घंटे बाद शुक्रवार रात को तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया।

जैन से जब भविष्य की उनकी राजनीतिक भूमिका के बारे में पूछा गया तो उन्होंने पीटीआई-वीडियो से कहा, ‘‘मैं वही करूंगा जो हमारी पार्टी और अरविंद केजरीवाल कहेंगे।’’

‘राउज एवेन्यू’ अदालत ने शुक्रवार दोपहर जैन को जमानत दे दी। सत्येंद्र जैन को मई 2022 में प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया था। उन्होंने कहा, अत्याचार हो रहा है…ऐसा लगता है कि ब्रिटिश शासन वापस आ गया है।

सरकारों को जनता के लिए किए जा रहे कामों को लेकर प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए, लेकिन भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) ऐसा नहीं करती है। वे कहते हैं कि हम आपको काम नहीं करने देंगे।