Breaking News

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले. पांच वर्ष में हम प्रदेश को विकास की राह पर लाए

लखनऊ,। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में सातवें तथा अंतिम चरण के मतदान वाले क्षेत्रों में शनिवार को प्रचार समाप्त होने से पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ पहुंच गए। मुख्यमंत्री ने तीन जिलों में पांच चुनावी सभा करने के बाद भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य तथा डा. दिनेश शर्मा भी थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने पांच वर्ष के कार्यकाल में करीब दो वर्ष का कोरोना वायरस संक्रमण के कठिन समय के बाद भी प्रदेश में विकास का काम जारी रखा। उन्होंने कहा कि पांच वर्ष में हमने प्रदेश को भयमुक्त तथा दंगामुक्त बनाया। हमने अपने संकल्प पत्र पर काम किया। हमने 2017 में जनता से जो वादा किया, उसे पूरा किया। प्रदेश में वर्ष 2017 से पहले लगभग हर वर्ष बड़े दंगे होते थे। इससे प्रदेश के सभी लोगों का जीवन काफी प्रभावित होता था। अब ऐसा नहीं है। प्रदेश में अब अमन-चैन कायम है।

उन्होंने कहा कि पांच वर्ष में हम प्रदेश को विकास की राह पर लाए हैं। इसमें हमको प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी पूरा मार्गदर्शन तथा समर्थन मिला है। पांच वर्ष में पीएम नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में हमने पांच लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी। इतना ही नही, हर गांव में रोजगार सहायक की तैनाती की। प्रदेश में परम्परागत उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गरीबों को पांच लाख तक के मुफ्त इलाज की व्यवस्था करने के साथ ही बड़ी लंबित सिंचाई परियोजनाओं को पूरा किया। जिसका लाभ किसानों को मिल रहा है। इस दौरान हमने किसानों के लिए अनेक कार्य किए। गन्ना किसानों का समय पर भुगतान किया, इतना ही नहीं पिछली सरकार के समय से बकाया को भी दिया गया। किसान सम्मान निधि से मदद पहुंचाई। प्रदेश में अवैध बूचडख़ानों को बंद किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सात चरण में विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण ढंग पूरा हो रहा है। छह चरण पूरा होने के बाद सातवें चरण में सात को मतदान होना है। अभी तक चुनाव की प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही है। हमने शांतिपूर्ण ढंग से छह चरणों का चुनाव पूरा कराया है।