Breaking News

भीषण गर्मी की चपेट में दिल्ली, भारतीय मौसम विभाग नेहीट वेव अलर्ट भी जारी किया

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में लगातार गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ रहा है। उत्तर भारत में भीषण गर्मी और लू का कहर देखने को मिल रहा है। राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, एनसीआर, उत्तर प्रदेश के इलाकों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। आम जनता बढ़ती गर्मी के कारण परेशान हो रही है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग ने इन इलाकों में हीट वेव यानी लू का अलर्ट भी जारी किया है।

हीट वेव का कहर

राजस्थान, हरियाणा, गुजरात, मध्यप्रदेश, ओडिशा जैसे राज्यों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बाड़मेर में इन दिनों तापमान 48 डिग्री तक पहुंच गया है। हरियाणा के सिरसा में 47.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ड हुआ है। मध्य प्रदेश के रतलाम में भी लोग गर्मी से परेशान है। जबकि उत्तर प्रदेश के झांसी में भी बढ़ते तापमान ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है, जहां तापमान 45 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। हिमाचल प्रदेश के ऊना में भी तापमान 43 डिग्री दर्ज हुआ है।

 

मौसम विभाग, स्थानीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग ने भी आम जनता को चेतावनी दी है, ताकि गर्मी का असर उनपर ना हो सके। मौसम विभाग ने कहा है कि दोपहर में लोग घरों से बाहर निकलने पर परहेज करें। जरुरत ना हो तो दोपहर में घर से बाहर चिलचिलाती धूप में ना निकलें। गर्मी के मौसम में शरीर से पानी काफी जल्दी खत्म होता है, पानी की मात्रा बनाए रखने के लिए लगातार पानी पीते रहें।

 

बंगाल की खाड़ी में होगा ये

पूर्वी भारत में भी गर्मी के प्रकोप से राहत मिलेगी। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव बन रहा है। इस कारण ओडिशा, पश्चिम बंगाल और तटीय आंध्र प्रदेश में मौसम बदल सकता है। कई इलाकों में बारिश आने की संभावना बनी हुई है। वहीं 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं भी चलेंगी। झारखंड और बिहार में भी इसका असर देखने को मिलेगा। दक्षिण भारत के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

 

कई इलाकों में राज्य प्रशासन ने भी जनता को उपाय सुझाए हैं, ताकि लोग गर्मी के प्रकोप से बच सकें। लोगों को घर से बाहर निकलने पर ऐहतियात बरतने की सलाह दी गई है। घर से निकलने के दौरान छतरी, टोपी और सनस्क्रीन का इस्तेमाल जरुर करें। घर से निकलने पर पानी लेकर जाएं। हर थोड़े समय के अंतराल पर पानी जरुर पीते रहें। स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों और बुजुर्गों को भीषण गर्मी में घर से बाहर निकलने से मना किया है। अगर भीषण गर्मी में बाहर निकलें तो साथ इलेक्ट्रोलाइट्स और ओआरएस भी पीते रहें। उत्तर भारत में गर्मी से लोग परेशान हो गए है।