Breaking News

बिगड़े हालात को काबू पाने के लिए यूक्रेन के राष्ट्रपति ने रूसी राष्ट्रपति से बैठक करके हल निकालने का प्रस्ताव दिया

रूस के यूक्रेन प्लान पर अमेरिका ने सनसनीखेज दावा किया है। अमेरिका की तरफ से संयुक्त राष्ट्र संघ को चिट्ठी भी लिखी गई है। जिसमें कहा गया है कि यूक्रेन पर कब्जे के बाद रूस वहां नरसंहार करेगा। अमेरिका ने वाशिंगटन पोस्ट की खबर का हवाला दिया है। आज रात यूक्रेन पर हमला कर सकता है रूस। अमेरिकी की रिपोर्ट के मुताबिक 21 फरवरी को हमले की नई डेडलाइन बताया गया है। 22-23 फरवरी यूक्रेन के लिए बहुत भारी साबित हो सकते हैं। कई शहरों को रूस की सेना निशाना बना सकती है। इसी बीच रूस ने बेलारूस में न्यूक्लियर ड्रिल की है। काला सागर में भी रूसी नौसेना ने वॉर एक्सरसाइड को अंजाम दिया है। पश्चिमी देशों के नेताओं ने आगाह किया है रूस अपने पड़ोसी देश यूक्रेन पर हमला कर सकता है और उसने तीनों तरफ सीमा के लगभग 1,50,000 सैनिकों, युद्धक विमानों और अन्य साजो-सामान की तैनाती कर रखी है।

रूस की तीनों सेनाओंं ने परमाणु युद्ध का अभ्यास किया। पुतिन और बेलारूस के राष्ट्रपति युद्धाभ्यास को लाइव देख रहे थे। मास्को में पुतिन और बेलारूस के राष्ट्रपति लुकाशेंको वॉर रूम में बैठे नजर आए। वहीं इस दौरान पुतिन पेपर पर कई टिक लगाते भी नजर आए। न्यूक्लियर ड्रिल के बीच में रूस ने अपने हाइपरसोनिक मिसाइलों को भी टेस्ट किया। वायरल वीडियो में हाइपरसोनिक मिसाइल अपने टारगेट को तबाह करता नजर आया। रूस की हाइपरसोनिक मिसाइल परमाणु हमला करने में सक्षम है। इस दौरान पुतिन ने कहा था कि कोई उकसाएगा तो हम पीछे नहीं हटेंगे। रूस की परमाणु धमकी के बाद अमेरिका भी अलर्ट मोड में आ गया था। पांच देशों में सौ परमाणु बमों को अलर्ट किया गया। इसके साथ ही रूस के हर कदम पर अमेरिकी एयरफोर्स की पैनी नजर है।

रूस-यूक्रेन संकट को लेकर बाइडेन पुतिन सैद्धांतिक रूप से चर्चा के लिए सहमत हो गए हैं। व्हाइट हाउस ने शिखर वार्ता पर सहमति जताई है। संकट को कम करने के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की कोशिश कामयाब साबित हुई। 6 फोन कॉल्स के बाद बाइडेन से बातचीत को पुतिन तैयार हुए। अमेरिका के विदेश मंत्री एंटोनी ब्लिंकन और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव भी बृहस्पतिवार को यूरोप में मुलाकात करेंगे, यदि आक्रमण नहीं हुआ तो। साकी ने एक बयान में कहा, ‘‘ हम कूटनीतिक रास्ते पर चलने को हमेशा तैयार हैं। अगर रूस ने युद्ध का रास्ता चुना तो हम त्वरित एवं गंभीर कार्रवाई करने को भी तैयार हैं।

बिगड़े हालात को काबू पाने के लिए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को बैठक करके संकट का हल निकालने का प्रस्ताव दिया है। जेलेंस्की ने ने कहा है कि मुझे अभी तक ये समझ नहीं आ रहा है कि रूस के राष्ट्रपति क्या चाहते हैं। ऐसे में अब मैं ही मीटिंग का प्रस्ताव रखता हूं। रूस अपनी पसंद की कोई भी जगह चुन सकता है, मैं वहां पर बैठक के लिए आ जाऊंगा। यूक्रेन अभी भी बातचीत और कूटनीति के जरिए ही शांति स्थापित करने की कोशिश करेगा।