Breaking News

बर्फ की सफेद चादर से ढका केदारनाथ धाम

उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र की वादियां फर्फ की सफेद चादर से ढकने लगी हैं। इस कड़ी में केदारनाथ धाम में दो इंच तक बर्फ जम गई है। आसपास की सारी पहाड़ियां सफेद हो चुकी हैं। धाम भी बर्फ की चादर ओढ़ चुका है।  बर्फबारी के कारण केदारघाटी में ठंड काफी बढ़ गई है। आपको बता दें कि केदारघाटी में ये सीजन की दूसरी बर्फबारी है।

दूसरी बर्फबारी के बाद केदारघाटी में न्यनतम तापमान माइनस 4 डिग्री पहुंच गया है। इस कड़ाके की सर्दी से यहां नल और नाले जम गए हैं। घरों की छतों समेत कई जगह बर्फ की परत जम गई है।

बर्फबारी के चलते अब केदारघाटी में होने वाले निर्माण कार्य भी रुक गए हैं। आपको बता दें कि अभी धाम में दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का आना जारी है। केदारनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद होंगे।

केदारनाथ के अलावा मद्महेश्वर, तुंगनाथ और कालीशिला की पहाड़ियों पर भी हल्की बर्फबारी हुई। वहीं, मुनस्यारी के ऊंचे इलाके पंचाचूली, राजरंभा, हसलिंग, नंदा देवी, नागनी धुरा सहित आसपास की जगहों पर बारिश के साथ बर्फबारी हुई। मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रिकार्ड किया गया।