Breaking News

उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश ने मचाई तबाही, हर तरफ पानी-पानी

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश ने तबाही मचा रखी है। हर तरफ तबाही का मंजर दिखाई दे रहा है। उत्तराखंड में देहरादून के पास मालदेवता सरखेत, टिहरी और यमकेश्वर इलाके में बादल फटने से भारी तबाही मची है। हिमाचल प्रदेश में भी मंडी और चंबा जिले में बादल फटा है। बादल फटने से कई लोग दब गए हैं। एक बच्ची का शव मिला है जबकि 15 से 20 लोग बह गए हैं। कई गाड़ियां बह गई हैं। चंबा में भूस्खलन से मां बेटे सहित तीन से चार लोग मलबे के नीचे दब गए। जिससे तीन की मौत हो गई। कांगड़ा जिले में भारी बरसात होने के कारण रेलवे चक्की पुल रात को बह गया। वहीं, भारी बारिश को देखते हुए चंबा, मंडी के बाद कांगड़ा और कुल्लू जिले में भी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज और कल दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यूपी में भी गंगा और यमुना नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। यूपी के कई शहरों बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं।

मंडी जिला के बागी में बादल फटा, बच्ची का शव मिला
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में मूसलाधार बारिश ने तबाही मचाई है। जिला के मंडी-कटौला-पराशर मार्ग पर बागी नाला में बादल फटने से आई बाढ़ ने भारी कहर बरपाया है। यहां बाढ़ की चपेट में आने से एक पूरा परिवार लापता हो गया है। राहत और बचाव कार्य में लगे लोगों को एक बच्ची का शव मिला है, जबकि अन्य 5 लोग लापता हैं। बादल फटने के बाद रात बागी से पुराने कटौला तक दर्जनों परिवारों ने अपने घर छोड़ कर सुरक्षित जगहों पर रात बिताई है। बागी नाले पर बनाया पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह कस्बे थुनाग बाजार में भी नाले की बाढ़ ने दर्जनों दुकानों और वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। थुनाग बाजार में भी भारी तबाही हुई है।

मंडी के गोहर में हादसा, पंचायत प्रधान समेत परिवार के आठ लोग दबे
मंडी जिला के गोहर विकास खंड के अंतर्गत काशण में भयंकर भूस्खलन से पंचायत प्रधान खेम सिंह का घर जमींदोज़ हो गया है। बताया जाता है कि मकान के अंदर खेम सिंह सहित परिवार के आठ लोग दबे हैं। इस समय स्थानीय लोग स्वयं जमींदोज हुए मकान के लिंटर को तोड़कर अंदर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन भयंकर मलबे के आगे उनकी एक नहीं चल रही। हालांकि प्रशासन की ओर से तहसीलदार दल-बल सहित घटनास्थल की ओर रवाना हो चुके हैं, लेकिन सड़क अवरुद्ध होने से चलते वह मौका पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। स्थानीय पंचायत के उपप्रधान ने बताया कि वह ग्रामीणों के सहयोग से लिंटर तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मकान के पहली मंजिल में लिंटर और दूसरी मंजिल में चादरें डाली गई थी।

मंडी-पठानकोट हाईवे भूस्खलन की वजह से बंद
मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे जगह-जगह पर भूस्खलन से बंद हो गया है। सैकड़ों यात्री भूखे प्यासे जाम में फंसे हैं। कोटरोपी के पास पहाड़ी दरकने से NH की सड़क का नामोनिशां मिट गया है। कोटरोपी में इस बार जोगेंद्रनगर की तरफ को नाले के ऊपर की पहाड़ी ने कहर मचाया है। यहां स्थानीय ग्रामीणों की उपजाऊ जमीन और दर्जनों पेड़ मलबे में समा गए हैं। जानमाल का कोई नुकसान नही है। पहाड़ी का सारा मलबा नीचे आने से सास्ती गांव में अफरातफरी मच गई है। उपमंडल के सभी राजमार्ग बंद हैं।

चंबा में मलबा में दबने से दंपती और बेटे की मौत
वहीं, चंबा जिले में भारी बारिश से दीवार तोड़ मकान में टनों मलबा घुस गया। जिससे तीन लोग लापता हो गए। ग्रामीण और प्रशासनिक टीमें लापता पति, पत्नी और बेटे के शव बरामद कर लिए हैं। भटियात क्षेत्र की बनेट पंचायत के जुलाडा वार्ड नंबर एक में बारिश ने तबाही मचाई है। देर रात दो बजे की घटना बताई जा रही है।
मलबे में दबे पति-पत्नी और बेटे के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल चुवाड़ी भेज दिया गया है। डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

कांगड़ा में चक्की नदी पर बना रेलवे पुल बाढ़ में बहा
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में भारी बारिश से आई बाढ़ के चलते रेलवे का चक्की पुल शनिवार को बह गया है। कांगड़ा के एडीएम रोहित राठौर ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि पुल में दरारें आने के कारण डेढ़ हफ्ता पहले रेल सेवा बंद कर दी थी। नदी का जलस्तर अभी कम नहीं हुआ है। डीहार पंचायत के डोल गदयाडा गां में बैजनाथ-सरकाघाट सड़क भी बह गई है। कांगड़ा जिले में भूस्खलन से बगली स्कूल भवन क्षतिग्रस्त हो गया है
शिमला में आरटीओ ऑफिस के पास भूस्खलन
राजधानी शिमला में आरटीओ ऑफिस के पास भू स्खलन होने से सड़क का अधिकतर हिस्सा धंस गया है। जिससे यातायात व्यवस्था काफी प्रभावित हो रही है। यातायात एक तरफा चलाया हुआ है। यातायात को सुचारु रूप से चलाने के लिए शिमला यातायात पुलिस ने सहयोग की अपील की है। शिमला यातायात पुलिस आप सभी से अपील भी करती है की आप उपरोक्त स्थान से गुजरते हुए बिलकुल सावधानी पूर्वक ही इस स्थान को पार करें। वहीं, ठिगोग में पेट्रोल पंप पर चट्टान गिर गई है। फागू सड़क पर वाहन पर चट्टान गिरी है। गिरी और गुम्मा से शहर के लिए पानी की सप्लाई ठप हो गई है।

देहरादून में कई जगह बादल फटा
उधर, उत्तराखंड के कई जिलों में तड़के हुई बारिश भारी तबाही लेकर आई। देहरादून के पास मालदेवता सरखेत, टिहरी और यमकेश्वर इलाके में बादल फटने से भारी तबाही मची है। जिलाधिकारी सोनिका के मुताबिक आपदा में पांच लोग लापता बताए जा रहे हैं। जबकि तीन ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं कीर्तिनगर क्षेत्र में सुबह 7 बजे ग्राम कोठार में 14-15 कमरों का आवासीय भवन भूस्खलन होने से मलबे में दब गया है। जिससे 80 वर्षीय बचनी देवी दब गई है। आपदा में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंच गई है । आपदा में लापता लोगों की खोजबीन को लेकर एनडीआरएफ और एसटीएफ के लगातार अभियान चला रहे हैं। मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव ने जिलाधिकारी से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली है।

बनारस में गंगा का रौद्र रूप
वहीं, भोलेनाथ की नगरी वाराणसी में भी गंगा नदी रौद्र रूप दिखा रही हैं। हालत यह हो गई है कि गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु 70.262 मीटर से एक मीटर नीचे बह रहा है। जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण वरुणा में पलट प्रवाह शुरू हो गया है। बाढ़ की आशंका में वरुणा पार इलाकों में शुक्रवार को लोग पलायन करते दिखे। इधर, शवदाह में परेशानियां शुरू हो गई हैं। हरिश्चंद्र घाट पर जहां गलियों में शवदाह हो रहा है वहीं मणिकर्णिका घाट पर छतों पर शवदाह किया जा रहा है। गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए क्रूज संचालन पर 21 अगस्त तक रोक लगा दी गई है। 22 अगस्त को जलस्तर और स्थिति का अध्ययन करने के बाद संचालन पर फैसला किया जाएगा।