Breaking News

प्रियंका ने बढ़ाया लखनऊ का राजनीतिक तापमान, बोली – यू.पी. की जनता बदलाव चाहती है

लखनऊ, ।प्रदेश में तीन चरण का मतदान होने के बाद अब बारी चौथे चरण वाले क्षेत्रों में प्रचार की है। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 में सभी 403 सीट पर अपने प्रत्याशी उतारने के बाद कांग्रेस का प्रयास उनके पक्ष में मजबूती से खड़ा होने का भी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार को लखनऊ का राजनीतिक तापमान बढ़ाती नजर आ रही हैं। उनका आज लखनऊ में रोड शो हो रहा है। लखनऊ की सभी नौ विधानसभा क्षेत्र को कवर करने के प्रयास में वह 171 किलोमीटर का रोड शो करेंगी।
जनता ने परिवर्तन का मन बना लियाः कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रोड शो के दौरान कहा, जनता परिवर्तन चाह रही है। जनता बहुत परेशान और त्रस्त है। लोगों के सामने महंगाई और बेरोजगारी की समस्या पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। कांग्रेस मजबूती से लड़ रही है। जनता चाहती है कि कोई नया आए। नई तरह की राजनीति आए। प्रियंका ने कहा, पीएम ने महंगाई, बेरोजगारी और छुट्टा जानवरों पर कुछ नहीं कहा और चुनावों में वह कह रहे हैं कि उनको अब इस बारे में जानकारी मिली है। क्या CM ने उनको जानकारी नहीं दी? सरकारी पद खाली हैं तो बेरोज़गारी क्यों हैं? छत्तीसगढ़ में छुट्टा जानवरों की समस्या सुलझी है।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को आक्सीजन देने के प्रयास में लगीं पार्टी की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा का आज लखनऊ में रोड शो है। वह पहले चरण में करीब दस किलोमीटर का रोड शो करेंगी। लखनऊ में अपने निवास स्थान कौल हाउस से पहले गोमतीनगर के 1090 चौराहा और पालीटेक्निक चौराह होते हुए प्रियंका की यात्रा चिनहट कोतवाली क्षेत्र के मटियारी चौराहा पहुंच गयी है। इसके बाद शिवम मेडिकल स्टोर्स से रोड शो विधायक चौराहा होते हुए जे एम डी ज्वैलर्स पर समाप्त होगा।

रोड शो के दूसरे चरण में उनका दौरा करीब 80 किलोमीटर का है। चिनहट से पालीटेक्निक चौराहा होते हुए 1090 चौराहा से राजीव चौक होते हुए कैंट से आलमबाग के अवध चौराहा पहुंचेंगी। इसके बाद अवध चौराहा से आगरा एक्सप्रेस वे पर उनका रोड शो होगा। उनका रोड आगरा एक्सप्रेसवे लखनऊ से बांगरमऊ कट तक जाएगा। इसके बाद बांगरमऊ कट से हरदोई की तरफ कस्बा मल्लावा तक जाएगा। मल्लावा से माधवगंज (कार्यक्रम स्थल श्री नरपत सिंह रैकवार इंटर कालेज, माधवगंज थाना माधवगंज के सामने) से वापसी में आगरा एक्सप्रेस वे से अवध चौराहा होते हुए स्कूटर इंडिया नटकुर पहुंचेगा। नटकुर से अवध चौराहा होते हुए प्रियंका गांधी का रोड शो बालागंज चौराहा जाएगा।