Breaking News

झारखंड को आज बताने आया हूं कि झारखंड मुक्ति मोर्चा सबसे भ्रष्ट सरकार है: अमित शाह

झारखंड में इस साल विधानसभा के चुनाव होने है। भाजपा इसको लेकर अपनी तैयारियों में जुट गई है। इन सबके बीच केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने आज झारखण्ड की विस्तृत कार्यसमिति की बैठक को संबोधित किया। इस दौरान शाह ने कार्यकर्ताओं और नेताओं का उत्साह बढ़ाया। शाह ने अपने संबोधन में कहा कि मैं झारखंड की जनता का भी प्रणाम करता हूं, आभार जताता हूं। 2014 हो, 2019 हो या 2024… मोदी जी के नेतृत्व में आपने हमेशा हमारी झोली कमल से भर दी है। आपके प्यार के लिए आपको लाख-लाख बार प्रणाम।

भाजपा नेता ने कहा कि अभी संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में न केवल झारखंड ने देशभर की जनता ने भाजपा का प्रचंड समर्थन किया। 60 साल बाद, इस देश के लोकतांत्रिक इतिहास में किसी एक नेता को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री चुना गया है। 2014, 2019 और 2024, देश की जनता ने मोदी जी को लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनने का सौभाग्य दिया है। उन्होंने कहा कि झारखंड हमेशा से नक्सलवाद से पीड़ित राज्य था, लेकिन मोदी जी ने बिहार और झारखंड से नक्सलवाद को समाप्त किया है। उन्होंने विपक्ष पर तंज सकते हुए कहा कि इंडी अलायंस वाले कहते हैं कि हमने विकास किया है। हेमंत सोरेन जी, केंद्र में 10 साल कांग्रेस ने शासन किया और 10 साल भाजपा ने, आप हिसाब लेकर आइए, मैं तो भाजपा का हिसाब लेकर आया हूं।

शाह ने कहा कि 10 साल में कांग्रेस ने झारखंड के विकास के लिए 84 हजार करोड़ रुपया दिया जबकि नरेन्द्र मोदी जी ने प्रदेश के लिए 3 लाख 84 हजार करोड़ रुपया दिया। झारखंड को भाजपा ने बनाया और विकास भी भाजपा ने ही किया। उन्होंने कहा कि मैं झारखंड को आज बताने आया हूं कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) सबसे भ्रष्ट सरकार है। कांग्रेस के एक सांसद के घर से ₹300 करोड़ मिलता है। एक मंत्री के PA के घर ये ₹30 करोड़ मिलता है। कांग्रेस पार्टी जवाब दे कि ये पैसा किसका है? कांग्रेस ऐसे भ्रष्टाचारियों को लेकर चलती है और JMM भी उनके साथ है।

उन्होंने कहा कि कई बार हम देखते हैं कि लोकतंत्र में जीतने के बाद अहंकार आ जाता है, झारखंड में ऐसे लोग सत्ता में है। लेकिन हारकर भी अहंकार करना, ये मैंने पहली बार देखा है। चुनाव कौन जीता, ये तो सब जानते हैं, लेकिन कांग्रेस में अहंकार कितना है, ये तो हम सबने देखा है- संसद में राहुल गांधी की हरकतें, दो-तिहाई सीटें जीतने के बाद भी लोग इतने अहंकार में नहीं आते।