Breaking News

झारखंड के तीन सबसे बड़े दुश्मन हैं. झारखंड मुक्ति मोर्चा राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस: पीएम मोदी

रांची प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को झारखंड के जमशेदपुर में विशाल जनसभा को संबोधित किया। खराब मौसम और भारी बारिश की वजह से पीएम मोदी सड़क मार्ग से यहां पहुंचे। उन्होंने झारखंड की मौजूदा गठबंधन की सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘झारखंड के तीन सबसे बड़े दुश्मन हैं- झारखंड मुक्ति मोर्चा, राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस। झारखंड के निर्माण का बदला आज भी राजद झारखंड से उतारती है और कांग्रेस को तो झारखंड से नफरत है ही। ये झामुमो वाले, जिन्होंने आदिवासियों के वोट से अपनी राजनीति चमकाई, आज वो किसके साथ खड़े हैं? ये लोग आदिवासियों के जंगल जमीन पर कब्जा करने वालों के साथ हैं।

उन्होंने कहा कि झामुमो के लोग बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों के साथ खड़े हैं। ये घुसपैठिए और कट्टरपंथी झामुमो को भी अपने कब्जे में लेते जा रहे हैं। इनके लोग झारखंड मुक्ति मोर्चा के भीतर भी घुस गए हैं। जानते हैं ऐसा क्यों हुआ? क्योंकि झामुमो में कांग्रेस का भूत घुस गया है। जब किसी पार्टी में कांग्रेस का भूत घुस जाता है, तो तुष्टिकरण ही उस दल का इकलौता एजेंडा बन जाता है। इसके लिए सबसे पहले ये लोग दलित, आदिवासी और पिछड़ा समाज के हितों की बलि चढ़ाते हैं। यही हाल झामुमो का भी हो रहा है।
इससे पहले पीएम मोदी ने कहा कि बारिश कितनी ही तेज क्यों न हो, रुकावटें कितनी ही ज्यादा क्यों न हो, लेकिन कोई भी रुकावट मुझे आपसे अलग नहीं कर सकती है। मैं आपके दर्शन किए बिना वापस नहीं जा सकता हूं, इसलिए सड़क मार्ग से ही आप सबके दर्शन करने पहुंच गया। क्रांति और बलिदानों की ये धरती, भगवान बिरसा मुंडा के तप, त्याग और आशीर्वाद की ये धरती… मैं झारखंड की इस महान धरती को प्रणाम करता हूं।

उन्होंने कहा कि आज करमा पूजा के उमंग के बीच यहां आने से पहले मुझे झारखंड को विकास की कई बड़ी सौगात देने का सौभाग्य भी मिला। मैं आप सबको करमा पर्व की बधाई देता हूं। आज झारखंड के हजारों गरीबों को पीएम आवास योजना के जरिए पक्के घर भी मिले हैं। इनमें से ज्यादातर घर मेरी माताओं-बहनों के नाम पर हैं। आज आपका ये भाई करमा पर्व के अवसर पर अपनी बहनों को अपने पक्के घर का उपहार देकर धन्य हो गया है।

उन्होंने कहा कि बीते लोकसभा चुनाव में सारा विपक्ष मोदी को हराने के लिए बेचैन था। पूरी जमात, बड़े-बड़े षड़यंत्र, बड़ी-बड़ी साजिशें, झूठ की इतनी बड़ी मशीनरी, देश को बांटने और तोड़ने वाली ताकतें… लेकिन आपका आशीर्वाद उन सब पर भारी पड़ा।  मैं आपके इस प्यार और आशीर्वाद के लिए भी आपका धन्यवाद करता हूं।

उन्होंने कहा कि आज देश के दलित-वंचित, गरीब-आदिवासी और महिलाओं का भरोसा मोदी पर है। आज युवाओं का भरोसा मोदी पर है, मध्यम वर्ग का भरोसा मोदी पर है। झारखंड और भाजपा का रिश्ता… सिर्फ एक राजनीतिक रिश्ता नहीं है। ये रिश्ता दिल का है… ये रिश्ता अपनेपन का है। झारखंड का सपना भाजपा का अपना सपना है।

उन्होंने कहा कि आकांक्षी जिला योजना के जरिए झारखंड के पिछड़े जिलों के विकास की चिंता पहली बार किसने की… भाजपा की सरकार ने। भगवान बिरसा मुंडा की जन्मजयंती पर जनजातीय गौरव दिवस की शुरुआत किसने की… भाजपा की सरकार ने। आज भी भाजपा केंद्र में रहकर झारखंड के विकास के लिए पूरे समर्पण और सेवाभाव से काम कर रही है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आप राज्य सरकार में भाजपा को मौका दीजिए, झारखंड के विकास के लिए भाजपा कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।