Breaking News

कोरोना अपडेट: 97 फीसदी वयस्क जनसंख्या को लगी वैक्सीन की पहली डोज

नई दिल्ली। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि विश्व के परिपेक्ष में देखें तो पिछले एक हफ्ते में 15 लाख से अधिक मामले दर्ज किए जा रहे हैं। विश्व में कोरोना की कुल संख्या 6 करोड़ 18 लाख है।

उन्होंने बताया कि भारत में जनवरी महीने में रोजाना तीन लाख से अधिक मामले दर्ज किए गए। अब वहीं मामले औसतन 96.4 फीसदी के हिसाब से घटकर हफ्ते में 11,000 मामले तक पहुंच गए हैं। दुनिया से तुलना करें तो रोजना मामलों के सिर्फ 0.7 फीसदी मामले ही भारत में सामने आ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि विश्व में मृत्यु की दर 7,787 रोजाना हुई जबकि भारत में 2-8 फरवरी में 615 मृत्यु दर्ज की गई थी। वहीं पिछले हफ्ते में 144 मृत्यु दर्ज की गई है। देश में अब सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 77,152 रह गई है। पिछले 24 घंटे में 6,561 मामले दर्ज किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि राज्यों में केवल एक ही राज्य हैं जहां कोरोना के 10,000 से अधिक मामले आ रहे हैं। 5,000-10,000 मामलों वाले राज्य की संख्या दो है और बाकी राज्यों में 5,000 से कम मामले आ रहे हैं, जिसमें केरल में सक्रिय मामलों की संख्या में कमी आई है।

आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव ने बताया कि मृत्यु दर की रोकथाम में वैक्सीनेशन की प्रभावशीलता को मापा गया है। वैक्सीन की पहली डोज 98.9 फीसदी प्रभावशीलता के लिए जिम्मेदार है और यदि दोनों डोज दी जाती है तो यह 99.3 फीसदी प्रभावी होता है।

नीति आयोग के सदस्य-स्वास्थ्य डॉ. वीके पॉल ने बताया कि यह स्पष्ट है कि टीकों और व्यापक वैक्सीनेशन ने सैकड़ों लोगों की रक्षा करने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वैक्सीन ने देश को कोविड मामलों की संख्या में वृद्धि से बचाया है।

97 फीसदी से अधिक वयस्क जनसंख्या को पहली डोज लगी
वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने वैक्सीनेशन को लेकर बड़ी खबर साझा की। उन्होंने बताया कि देश शत-प्रतिशत पहली डोज के लक्ष्य की तरफ कदम बढ़ा रहा है। अब तक 97 फीसदी से अधिक वयस्क जनसंख्या को वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। हम जल्द ही 100 फीसदी पात्र आबादी को कोरोनारोधी वैक्सीन की पहली डोज लगा देंगे।