Breaking News

कांग्रेस में राहुल गांधी की जगह ले सकते हैं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत

जयपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से राहुल गांधी के इस्तीफा देने के बाद अब कांग्रेस को अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष जल्द मिल सकता है. सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है की राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है. पार्टी की वर्किंग कमेटी में इस संबंध में विचार-विमर्श हो चुका है अशोक गहलोत से भी उनकी राय पूछी जा चुकी है.

सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के वर्तमान अध्यक्ष राहुल गांधी सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी से भी चर्चा हो चुकी है. माना जा रहा है कि कांग्रेस के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक गहलोत होंगे, लेकिन इसमें भी एक बड़ी अपडेट यह है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी भी अशोक गहलोत के पास रहेगी. जानकारी मिली है की अशोक गहलोत ने सीएम पद पर भी काम करते रहने की भी इच्छा जाहिर की है.

वहीं, पार्टी के भीतर एक बड़ा धड़ा इस बात का समर्थक भी है कि इससे पार्टी को लाभ होगा. गौरतलब है कि अखिलेश यादव मायावती नवीन पटनायक जयललिता और ममता बनर्जी मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर भी काम करते रहे हैं. मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए अशोक गहलोत को देश के अन्य राज्यों में प्रोटोकोल भी मिल सकेगा. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर अशोक गहलोत को जिम्मेदारी देने के पीछे एक नहीं कई वजह है.

कांग्रेस की वर्किंग कमेटी के नेताओं के साथ भी अशोक गहलोत का बेहतर तालमेल है. अशोक गहलोत को चुनने के पीछे एक बड़ी वजह यह भी है कि राहुल गांधी ने देश में ओबीसी और दलित जाति में से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने की बात कही है. लिहाजा ओबीसी जाति से होने से भी अशोक गहलोत का पक्ष मजबूत होता है. अशोक गहलोत के मुख्यमंत्री बने रहने से राजस्थान में भी सरकार में अस्थिरता की स्थिति नहीं होगी क्योंकि ज्यादातर विधायक अशोक गहलोत के समर्थन में है. देखना होगा की कब तक आधिकारिक ऐलान किया जाता है.