देहरादून। देहरादून में बीजेपी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर बीजेपी विधायक के हमले से घायल घोड़े ‘शक्तिमान’ की टांग काट दी गई है।
घोड़े की टांग टूटने के बाद ब्लड सर्कुलेशन रुकने से उसमें गैंगरीन हो गया था। इससे घोड़े शक्तिमान की जान को खतरा पैदा हो गया था। गुरुवार शाम को पशु चिकित्सकों ने सर्जरी कर शक्तिमान की टांग को काट दिया। उत्तराखंड पुलिस ने कहा कि घोड़े को कृत्रिम पैर से चलाने की कोशिश की जाएगी।
उत्तराखंड के डीजीपी बी.एस. सिद्धू के मुताबिक घोड़े की जान बचाने के लिए उसकी टांग को जल्द से जल्द से काटना जरूरी हो गया था।
डीजीपी ने जानकारी दी कि घोड़े के घायल हिस्से में खून का बहाव बंद हो गया था। साथ ही गैंगरीन के फैलने का भी खतरा है। इन वजहों से घोड़े की जान बचाने के लिए टांग काटने का ही विकल्प रह गया था।
Visuals: Surgery to amputate leg of injured Police horse Shaktiman concludes in Dehradunpic.twitter.com/HOpDc7RMKL
— ANI (@ANI_news) March 17, 2016
गौरतलब है कि 14 मार्च को देहरादून में बीजेपी के विरोध प्रदर्शन के दौरान नाले में गिरकर इस घोड़े की टांग टूट गई थी। इस घटना के लिए बीजेपी विधायक गणेश जोशी को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। टीवी फुटेज में जोशी घोड़े की ओर लाठी फटकारते हुए दिखाई दिए थे।
विधायक के खिलाफ नेहरू कॉलोनी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। विधायक के खिलाफ जानवरों के प्रति हिंसा के उन्मूलन संबंधी कानून के तहत मामला दर्ज किया गया था।