Breaking News

योगी का अखिलेश पर निशाना, जनता सकारात्मक चीजों को स्वीकार करती है, नकारात्मकता नहीं

लखनऊ विधानसभा के नए अध्यक्ष सतीश महाना के सर्वसम्मति से चयन के बाद अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इशारो ही इशारों में सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता नकारात्मकता को कभी स्वीकार नहीं करती। चुनाव में जनता ने यह साबित कर दिया।

विधानसभा में मंगलवार को सतीश महाना को नए विधानसभा अध्यक्ष की बधाई देते हुए सीएम ने कहा कि आज आपका चयन भारत की लोकतांत्रिक परंपरा को और अधिक मजबूत और पुष्ट करता है। यूपी की 25 करोड़ जनता के बेहतर भविष्य के लिए पक्ष और विपक्ष मिलकर काम करेंगे। स्वस्थ लोकतंत्र में दलीय सीमाएं कभी बाधक नहीं बनेंगी।

हम सबको यूपी के विकास के लिए काम करना होगा। सत्ता पक्ष और विपक्ष मिलकर सदन की गरिमा को बढ़ाएंगे। अब हमें जनता के हितों के संवर्धन के लिए सोचना है। हमें यूपी के मजदूरों, किसानों और महिलाओं के बारे में सोचना है। सभी दबे-कुचले लोगों के बारे में सोचना है।

10 मार्च से पहले प्रदेश के चुनावी माहौल की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के दौरान आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। दोनों तरफ से मिसाइलें चल रही थीं, लेकिन यह भारतीय लोकतंत्र की खूबसूरती ही है। सत्ता पक्ष व विपक्ष मिलकर अध्यक्ष चुन रहा है। यह भारत में ही सम्‍भव है कि राजनीतिक मतभेद चाहे जितने हों, हम मिलकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए काम करते रहें।

नेता सदन ने कहा कि एक चीज जो हम देश और यूपी में भी देखते हैं, जनता कभी नकारत्मकता को स्वीकार नहीं करती है। इसके लिए उसके दिल में कोई स्थान नहीं है। हमने राष्ट्रीय चुनाव से लेकर यूपी चुनाव तक में आम जनता का मूड देखा है। वे सकारात्मक चीजों को ही स्वीकार करते हैं। नकारात्मकता से जीवन में प्रगति नहीं हो सकती है। सकारात्मकता से ही हम तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ सकते हैं। इससे ही लोक कल्याण संभव है। प्रदेश के विकास में पक्ष और विपक्ष दोनों का साथ जरूरी है।

नेता सदन ने कहा कि लोकतंत्र के दो पहिए सत्ता पक्ष और विपक्ष मिलकर नए भारत का नया उत्तर प्रदेश बनाने में सहयोग कर सकते हैं। महाना का सर्वसम्मति से चुनाव एक बहुत अच्छा संदेश देता है। हम सदन की गरिमा को मिलकर आगे बढ़ाएंगे। लोकतंत्र की परंपरा को मजबूत करेंगे। योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान पहले विधानसभा अध्यक्ष पुरुषोत्तम दास टंडन, बीजेपी के केशरीनाथ त्रिपाठी और दो बार स्‍पीकर रहे सपा के माता प्रसाद पांडेय का विशेष तौर पर जिक्र किया।