Breaking News

मणिपुर मुद्दे पर लोकसभा और राज्यसभा में जमकर हंगामा हुआ, शाह खेती.किसानी और सहकारिता की बात की, विपक्ष ने मणिपुर.मणिपुर, शेम.शेम, जवाब दो.जवाब दो के नारे लगाए

मणिपुर मुद्दे पर मंगलवार को लोकसभा और राज्यसभा में जमकर हंगामा हुआ। लोकसभा में सुबह 11 बजे जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई, विपक्ष नारेबाजी करने लगा। स्पीकर ने 3 मिनट बाद ही सदन को दो बजे तक स्थगित कर दिया।

यही स्थिति लोकसभा के दोबारा शुरू होने पर भी बनी रही। सांसदों ने सदन में नारेबाजी की और अध्यक्ष की आसंदी के पास पहुंचकर इंडिया फॉर मणिपुर के पोस्टर दिखाए। इसके बाद लोकसभा दोबारा 5 बजे तक के लिए स्थगित की गई।

उधर, राज्यसभा में भी ऐसे हालात रहे। कार्यवाही पहले 12 बजे और फिर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। मणिपुर के मसले पर चर्चा की मांग को लेकर कांग्रेस और AAP समेत विपक्षी दल स्थगन प्रस्ताव लाए थे।

राज्यसभा तीसरी बार नारेबाजी के बीच शुरू हुई। दो घंटे से ज्यादा समय तक कार्रवाई चली। इस दौरान संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश (पांचवां संशोधन) विधेयक 2022 पारित हुआ। कार्रवाई कल तक के लिए स्थगित की गई।

शाम पांच बजे लोकसभा की कार्यवाही फिर शुरू हुई। इस दौरान अमित शाह सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। शाह खेती-किसानी और सहकारिता की बात की। विपक्ष ने मणिपुर-मणिपुर, शेम-शेम, जवाब दो-जवाब दो, वी वॉन्ट जस्टिस (हमें न्याय चाहिए) के नारे लगाए।

वहीं विपक्षी सांसद पोस्टर लेकर सदन में खड़े हुए तो शाह ने कहा कि और जोर से नारे लगाइए। आपको न दलितों में इंटरेस्ट है और न ही सहकारिता में। इसलिए वे नारेबाजी कर रहे हैं। शाह सदन में बयान देते रहे और विपक्षी सांसद हो-हो करते रहे।

विपक्षी गठबंधन INDIA और BJP संसदीय दल ने की मीटिंग की
इससे पहले भाजपा संसदीय दल की मीटिंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A पर बयान दिया। कहा- सत्ता चाहने वाले और देश को तोड़ने वाले ईस्ट इंडिया कंपनी और इंडियन मुजाहिद्दीन जैसे नाम रख रहे हैं।

राज्यसभा में अपोजिशन लीडर मल्लिकार्जुन खड़गे ने PM के बयान पर ऐतराज जताया। उन्होंने कहा- हम मणिपुर की बात कर रहे हैं और प्रधानमंत्री इंडिया की तुलना ईस्ट इंडिया कंपनी से कर रहे। अरे, आप मणिपुर पर बात करिए ना।

विपक्षी दलों ने मंगलवार सुबह रणनीति बनाने के लिए बैठक की थी। एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि विपक्ष सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है।

PM मोदी की अध्यक्षता में भाजपा संसदीय दल की बैठक हुई। जिसमें PM ने विपक्षी गठबंधन के नाम I.N.D.I.A पर कहा- जो लोग सत्ता चाहते हैं और देश को तोड़ना चाहते हैं वो ईस्ट इंडिया कंपनी और इंडियन मुजाहिद्दीन जैसे नाम रख रहे हैं। इनमें भी इंडिया आता है। पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) में भी इंडिया नाम आता है, लेकिन लोग इससे गुमराह नहीं होंगे।

2. PM मोदी भारत की तुलना ईस्ट इंडिया से कर रहे- खड़गे
राज्यसभा में खड़गे ने कहा कि मणिपुर में बच्चियों का रेप हो रहा है। वो हिंसा की आग में जल रहा है। हम मणिपुर की बात कर रहे हैं और पीएम मोदी इंडिया की तुलना ईस्ट इंडिया कंपनी से कर रहे हैं। आप मणिपुर पर बात करिए ना।

3. संवेदनशील हैं तो तुरंत चर्चा शुरू करिए- गोयल
पीयूष गोयल ने खड़गे को जवाब दिया- मणिपुर के साथ-साथ राजस्थान, छत्तीसगढ़ और बंगाल में जो हो रहा है, उस पर भी चर्चा होनी चाहिए। आप महिलाओं के लिए संवेदनशील नहीं है। अगर होते तो चर्चा शुरू होती। सदन की कार्यवाही को बाधित नहीं करते। पूरा देश देख रहा है कि आप देश के भविष्य को खराब कर रहे हैं। अगर संवेदनशील हैं तो चर्चा तुरंत शुरू कीजिए।

4. आप चाहे जो बुलाएं, मिस्टर मोदी, हम INDIA हैं- राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “आप हमें जो चाहें बुलाएं, मिस्टर मोदी। हम INDIA हैं। हम मणिपुर के जख्मों पर मरहम लगाने में मदद करेंगे। हर महिला और बच्चे के आंसू पोंछेंगे। उसके लोगों के लिए प्यार और शांति वापस लाएंगे। हम मणिपुर में भारत के विचार को दोबारा बनाएंगे।”