Breaking News

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पांची पुण्यतिथि आज, श्रंद्धाजलि देने उमड़ा पूरा देश

पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को आज पुण्यतिथि पर सारा देश श्रद्धांजलि दे रहा है। इसके अलावा, कठिन समय में भारत का कुशल नेतृत्व करने वाले और देश में पहली बार सफलतापूर्वक गठबंधन सरकार चला कर दिखाने वाले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को सोशल मीडिया पर भी लोग श्रद्धांजलि दे रहे हैं। दूसरी ओर, पूर्व प्रधानमंत्री के स्मारक सदैव अटल पर सुबह ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने स्वर्गीय अटलजी की पांचवीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इनके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा, राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल ने भी ‘भारत रत्न’ वाजपेयी को पुष्पांजलि अर्पित की। कई केंद्रीय मंत्रियों और सत्तारुढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल घटक दल के नेताओं ने भी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रार्थना सभा का भी आयोजन किया गया।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में आज ही के दिन दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उनका लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, “अटल जी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने में भारत के 140 करोड़ लोगों के साथ मैं भी शामिल हूं। उनके नेतृत्व से भारत को बहुत लाभ हुआ। उन्होंने हमारे देश की प्रगति को बढ़ावा देने और इसे विभिन्न क्षेत्रों में 21 वीं सदी में ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।” वहीं नड्डा ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी के कोटिशः कार्यकर्ताओं के प्रेरणा-पुंज, सेवा व सुशासन के पथ प्रदर्शक, ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन करता हूं। उन्होंने भारत में नए राजनीतिक युग का सूत्रपात किया। गरीब कल्याण के प्रति उनका समर्पण सदैव हमारा पथ प्रशस्त करेगा।”

हम आपको यह भी याद दिला दें कि वाजपेयी को 2015 में देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ प्रदान किया गया था। वाजपेयी भारतीय जनता पार्टी के संस्थापकों में एक थे। वह तीन बार देश के प्रधानमंत्री बने। उनका पहला कार्यकाल 1996 में मात्र 13 दिनों का था। इसके बाद, वह 1998 में फिर प्रधानमंत्री बनें और उन्होंने 13 महीने तक इस पद को संभाला। वर्ष 1999 में वह तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने। वह पहले ऐसे गैर-कांग्रेसी नेता थे, जिन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल पूरा किया।

 

दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अटलजी को लखनऊ में श्रद्धांजलि दी। लखनऊ लंबे समय तक अटलजी का संसदीय क्षेत्र रहा था। इसके अलावा भी देशभर में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, भाजपा कार्यकर्ता और आमजन अटलजी को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।