Breaking News

नहीं चला रणबीर कपूर का जादू,फ्लॉप होने के कगार पर खड़ी शमशेरा

मुंबई रणबीर कपूर, संजय दत्त और वाणी कपूर स्टारर फिल्म ‘शमशेरा‘ फ्लॉप होने के कगार पर खड़ी है। फिल्म के ओपनिंग डे कलेक्शन ने बहुत उम्मीदें नहीं जगाईं। उसके बाद वीकेंड भी निराशाजनक साबित हुआ। चार साल बाद रणबीर कपूर ने बड़े पर्दे पर वापसी की है। माना जा रहा था कि बड़े बजट की ये फिल्म रणबीर की वापसी के लिए परफेक्ट है और वह धमाका कर देंगे। हालांकि अब ऐसा होता नहीं दिख रहा है। रविवार के कलेक्शन के आंकड़े बताते हैं कि आने वाले दिनों में फिल्म की राह आसान नहीं होने वाली है।

कितना रहा कलेक्शन

पहले दिन ‘शमशेरा‘ ने 10.25 करोड़ का कलेक्शन किया था। इसे ठीक-ठाक माना जा रहा था और उम्मीद थी कि शनिवार और रविवार को इसमें बढ़ोतरी होगी लेकिन दोनों ही दिन ऐसा देखने को नहीं मिला। शनिवार को फिल्म ने 10.50 करोड़ और रविवार को 11 करोड़ का आंकड़ा पार किया। फिल्म ने 3 दिन में कुल 31.75 करोड़ की कमाई कर ली है।

सोमवार को होगी असली चुनौती

ट्रेड एनालिस्ट के लिए भी ‘शमशेरा‘ का कलेक्शन हैरान करने वाला है। ऐसे में वीकडेज फिल्म के लिए चुनौतियों से भरा होने वाला है। अगर सोमवार को इसके कलेक्शन में भारी गिरावट हुई तो फिल्म फ्लॉप होने के कगार पर खड़ी हो जाएगी। रविवार को यूपी, बिहार और राजस्थान में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी दिखी लेकिन गुजरात में फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। ‘शमशेरा‘ की तरह ही ‘हीरोपंती 2‘ और ‘रनवे 34‘ का भी हाल हुआ था। ‘शमशेरा‘ इसी पैटर्न पर दिख रही है।
अब ‘ब्रह्मास्त्र‘ पर टिकी निगाहें

‘शमशेरा‘ का निर्माण यशराज बैनर ने किया। इसके निर्देशक करण मल्होत्रा हैं। फिल्म को समीक्षकों की ओर से बहुत अच्छे रिव्यूज नहीं मिले थे। ‘शमशेरा‘ का जो हाल हुआ है उसके बाद अब नजरें रणबीर की आने वाली फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र‘ पर टिकी हैं। फिल्म को लेकर पहले से काफी बज बना हुआ है। देखना होगा कि क्या रणबीर की वो फिल्म कमाल कर पाती है कि नहीं।