Breaking News

प्रमोद सावंत बने दूसरी बार गोवा के सीएम, भाजपा के आठ विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली

पणजी,। गोवा के मनोनीत सीएम प्रमोद सावंत ने लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। सावंत के साथ ही भाजपा के आठ विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। शपथ ग्रहण समारोह तालेइगाओ में स्थित डाक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में हो रहा है।

इस अवसर पर पीएम नरेन्द्र मोदी के अलावा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री मौजूद हैं।

– भाजपा नेता मौविन गोडिन्हो, रवि नाइक और नीलेश कबराल ने गोवा के मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।

– भाजपा विधायक विश्वजीत राणे ने मंत्री पद की शपथ ली।

– गोवा के मनोनीत सीएम प्रमोद सावंत ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

– उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गोवा के मनोनीत मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के शपथ ग्रहण समारोह स्थल पहुंचे।

– मनोनीत सीएम प्रमोद सावंत श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम पहुंचे। इसी स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होगा।

– भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई प्रमोद सावंत के शपद ग्रहण समारोह के स्थल पहुंचे।

शपथ से पहले की पूजा

प्रमोद सावंत ने सीएम पद की शपथ लेने से पहले पूजा-अर्चना भी की। सावंत ने पूजा की कुछ तस्वीरें ट्वीट की हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि गोवा के लोगों की सेवा के लिए भगवान से प्रार्थना की।

8 विधायक बनेंगे मंत्री

भाजपा के 8 विधायक मंत्री पद की शपथ ले रहे हैं। भाजपा विधायक विश्वजीत राणे, रवि नायक, अतानासियो मोनसेरेट, मौविन गोडिन्हो, नीलेश कबराल, सुभाष शिरोडकर, रोहन खुंटे और गोविंद गौड़े मंत्री बनेंगे।

हाल ही में गोवा की सभी 40 विधानसभा सीटों पर चुनाव हुए थे। भाजपा ने सबसे ज्यादा 20 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस ने 11, निदर्लीयों ने तीन सीटों पर कब्जा किया था। साथ ही महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी और आम आदमी पार्टी ने दो-दो सीटें जीती थी। जीएफपी और आरजीपी ने एक-एक सीट जीती थी। एमजीपी के दो विधायकों और तीन निर्दलीय विधायकों ने भाजपा को समर्थन दिया है।