Breaking News

मुलायम सिंह यादव को उनके पैतृक गांव सैफई पहुंचे कर नीतिश कुमार ने दी श्रद्धांजलि, अखिलेश से की मुलाकात

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देने के लिए उके पैतृक गांव सैफई पहुंचे। कुमार 11 अक्टूबर को नगालैंड के पूर्व निर्धारित दौरे पर थे, इसलिए वह एक दिन बाद सैफई पहुंचे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से सैफई में मुलाकात की और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। सैफई पहुंचकर बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हम लोगों को काफी दुख है। हमारा उनके प्रति आदर का भाव रहा है। अब उनका ना रहना उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए नुकसानदेह है।

इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इनके (डॉ. राम मनोहर लोहिया) विचारों से हम सभी प्रभावित हैं। गांधी, लोहिया और जयप्रकाश के विचारों से ही हम लोग आगे काम करने की कोशिश कर रहे हैं। बहुत ही कम उम्र में उनका (डॉ. राम मनोहर लोहिया) निधन हो गया था मगर उनके विचार आज तक सभी को याद है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम को श्रद्धांजलि देने के लिए बिहार ने राजकीय शोक की घोषणा की है। 82 वर्षीय यादव का लंबी बीमारी के बाद गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। राजद नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी दाह संस्कार के दौरान मौजूद थे।