Breaking News

केजरीवाल ने ‘मेक इंडिया नंबर वन’ मिशन किया शुरू, बोले. हमें भारत को एक बार फिर दुनिया का नंबर.वन देश बनाना है

नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को एक राष्ट्रीय मिशन की शुरुआत की। इसके जरिए मुख्यमंत्री केजरीवाल ने देश के सभी नागरिकों को इसके साथ जोड़ने का लक्ष्य रखा। उन्होंने कहा कि हमें भारत को एक बार फिर दुनिया का नंबर-वन देश बनाना है। हमें भारत को फिर से महान बनाना है। हम आज ‘मेक इंडिया नंबर वन’ नामक एक राष्ट्रीय मिशन की शुरुआत कर रहे हैं। इस देश के हर नागरिक यानी की 130 करोड़ लोगों को इस मिशन से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल हो चुके हैं। इन 75 वर्षों में हमने बहुत कुछ हासिल किया, भारत ने बहुत कुछ हासिल किया लेकिन लोगों में गुस्सा है, एक सवाल है कि हमारे बाद आजादी पाने वाले कई छोटे राष्ट्र हमसे आगे निकल गए… भारत क्यों पिछड़ गया? हर नागरिक यही पूछ रहा है।

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर इन पार्टियों और नेताओं के भरोसे हमने छोड़ दिया तो अगले 75 साल और पीछे रह जाएंगे। इनमें से किसी को परिवार, किसी को दोस्त प्यार है और तो और किसी को भ्रष्टाचार करना है, इन लोगों ने अपना घर भरने के अलावा कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि इनके भरोसे छोड़ा तो देश 75 साल और पीछे रह जाएगा।