Breaking News

जेल में बंद सत्येंद्र जैन को केजरीवाल ने दी जन्मदिन की बधाई, कहा-सत्य परेशान हो सकता है पराजित नही

आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। हालांकि, सत्येंद्र जैन फिलहाल भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद हैं। वह पिछले 4 महीने से जेल में हैं। लेकिन जन्मदिन के दिन उन्हें लगातार ट्विटर पर बधाई संदेश मिल रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी सत्येंद्र जैन को ट्वीट कर जन्मदिन की बधाई दी है। अपने ट्वीट में अरविंद केजरीवाल ने लिखा कि आज सत्येंद्र का जन्मदिन है। 4 महीने से फ़र्ज़ी केस में जेल में है। उसने मोहल्ला क्लिनिक दिये, 24 घंटे फ्री बिजली दी, सबके लिए अच्छे और फ्री इलाज का इंतज़ाम किया। ये लोग जनहित के ये सब काम रोकना चाहते हैं। सच्चाई की डगर आसान नहीं होती सत्येंद्र। जन्मदिन मुबारक।

इसके अलावा सत्येंद्र जैन को मनीष सिसोदिया ने भी बधाई दी है। मनीष सिसोदिया ने लिखा कि सत्येंद्र जैन सिर्फ़ मोहल्ला क्लिनिक, अस्पताल, फ़्री बिजली योजना के ही सूत्रधार नहीं हैं, दिल्ली के हर कोने में दिख रहीं शानदार सरकारी स्कूल बिल्डिंग्स के आर्किटेक्ट भी सत्येंद्र ही हैं। जन्मदिन की शुभकामनाए दोस्त। सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नही। राघव चड्ढा ने लिखा कि पिछले चार माह से मनगढ़ंत मामले में सत्येंद्र जैन जी जेल में बंद हैं। उसका अपराध? दिल्ली को सस्ती स्वास्थ्य सेवा, मोहल्ला क्लीनिक, मुफ्त बिजली और ऐसी अन्य कल्याणकारी पहल देना। आज उन्हें जन्मदिन की बधाई देने में मेरे साथ शामिल हों।

संजय सिंह ने लिखा कि सतेंद्र जैन: 5 फ़्लाई ओवर के निर्माण में जनता का 300 करोड़ बचाया। दुनिया को मोहल्ला क्लिनिक का मॉडल दिया। फ्री बिजली का सपना सच करके दिखाया। कोरोना से स्वयं पीड़ित हुए पिता की मृत्यु हो गई फिर भी दिल्ली के लोगों की सेवा की। ऐसा शख़्स BJP की निगाह में अपराधी है। गोपाल राय ने लिखा कि जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं सत्येंद्र जैन जी। आपने दिल्ली को देश का पहला मोहल्ला क्लिनिक दिया, सबको अच्छा इलाज दिया इसीलिए आप पिछले 4 महीने से जेल में हैं शायद यही आपका कसूर है। हम लड़ेंगे साथी, जनता के लिए और नफरत के खिलाफ आखिरी दम तक लड़ेंगे।