Breaking News

राहुल गांधी की सुरक्षा में लगी सेंध, कांग्रेस ने अमितशाह को लिखा पत्र

कांग्रेस की ओर से भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है। कांग्रेस की भारत जोड़ यात्रा फिलहाल दिल्ली में है। इन सबके बीच कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में कांग्रेस की ओर से दावा किया गया है कि दिल्ली में 24 दिसंबर को भारत यात्रा की सुरक्षा में सेंध लगी थी और दिल्ली पुलिस राहुल गांधी के इर्द-गिर्द भीड़ को नियंत्रित कर घेरा बनाने में नाकाम रही। कांग्रेस का दावा है कि राहुल गांधी को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। बावजूद इसके उनकी सुरक्षा में सेंध लगी है। गृह मंत्री अमित शाह को यह पत्र संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने लिखी है। उन्होंने अपने पत्र में आग्रह किया है कि अब आगे पंजाब और जम्मू कश्मीर जैसे संवेदनशील राज्य में राहुल गांधी की यात्रा है इसलिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

आपको बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर से तमिलनाडु के कन्याकुमारी में शुरू हुई थी। भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु, केरल, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, राजस्थान हरियाणा होते हुए दिल्ली पहुंच चुकी है। 24 दिसंबर को राहुल गांधी की यह यात्रा दिल्ली में पहुंची थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम भी देखने को मिला। केसी वेणुगोपाल ने दावा किया कांग्रेस कार्यकर्ताओं और भारत यात्रियों को राहुल गांधी के आसपास घेरा बनाना पड़ा था। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी तथा कुछ अन्य कांग्रेस नेताओं की अतीत में हुई हत्या का भी अपने पत्र में उल्लेख किया है।

केसी वेणुगोपाल ने साफ तौर पर कहा कि सरकार को प्रतिशोध की राजनीति में नहीं पड़ना चाहिए और कांग्रेस नेताओं को पूरी तरीके से सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा फिलहाल जनवरी में शुरू होगी। कांग्रेस की यह यात्रा उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब होते हुए जम्मू कश्मीर जाएगी। कांग्रेस लगातार दावा कर रही है कि भाजपा और आरएसएस देश में नफरत का माहौल बना रहे हैं। इस नफरत को खत्म करने के लिए राहुल गांधी की ओर से यह भारत में जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है।