Breaking News

मुख्यमंत्री योगी ने रामायण मेले का किया शुभारंभ, बोले.-अयोध्या को दुनिया की सर्वोत्तम नगरी बनाना है

अयोध्या मुख्यमंत्री योगी ने रविवार को सरयू तट स्थित रामकथा पार्क में 41वें रामायण मेले का शुभारंभ किया। इस मौके पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास भी मौजूद रहे। यह मेला 30 नवंबर तक जारी रहेगा। इसके समापन समारोह की मुख्य अतिथि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल होंगी। रामायण मेला में राम विवाह उत्सव का भी आयोजन किया जाएगा। इस बार रामायण मेला बेहद भव्य तरीके से आयोजित किया जा रहा है।

इसके पहले अयोध्या के जीआईसी मैदान में अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अयोध्या सप्तपुरी में से एक पुरी है। 500 वर्षों के इंतजार के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व मे राम मंदिर का निर्माण प्रारंभ हो चुका है। अयोध्या को दुनिया की सर्वोत्तम नगरी बनाना है। अयोध्या में केंद्र व प्रदेश की डबल इंजन सरकार की तीस हजार करोड़ की परियोजनाएं चल रही हैं। यहां आध्यात्मिक नगरी बनने के साथ ही भौतिक साधनों का भी उपलब्धता होगी।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में विकास के लिए धन की कमी नहीं होगी। उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रही है। दीपोत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन उनकी अयोध्या के प्रति अपार श्रद्धा और निष्ठा है। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले बिजली आती ही नहीं थी और अब बिजली जाती नहीं है। आज पूरी अयोध्या एलईडी लाइट से जगमगा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में सड़कों के चौड़ीकरण में जो व्यापारी विस्थापित हो रहे हैं हम उनका पुनर्वास भी करेंगे। अयोध्या से जुड़ने वाले सभी मार्गों को फोरलेन व सिक्स लेन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी ने रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन भी किए।

राम जन्मभूमि जाने वाले तीनों पथों को लेकर मुख्यमंत्री ने जताई नाराजगी
मुख्यमंत्री योगी ने अयोध्या में विकास कार्यों की समीक्षा भी की और राम जन्मभूमि जाने वाले सभी तीन प्रमुख मार्गों के निर्माण में देरी को लेकर नाराजगी भी जताई। मुख्यमंत्री अयोध्या दौरे पर आयुक्त सभागार में अयोध्या विजन डॉक्यूमेंट 2047 की समीक्षा कर रहे थे। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री का सर्वाधिक फोकस अन्य विकास कार्यों से ज्यादा श्रीराम जन्मभूमि को जाने वाले राम पथ, भक्त पथ और जन्मभूमि पथ पर था। उन्होंने इन पथों को जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश अफसरों को दिए।

40 दिन में चौथी बार किया रामलला का दर्शन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 40 दिन में तीसरी बार अयोध्या में रामलला और हनुमानगढ़ी का दर्शन-पूजन किया। इसके पहले 19 अक्टूबर को दीपोत्सव की तैयारी जानने मुख्यमंत्री अयोध्या पहुंचे थे। इस दिन उन्होंने रामलला और हनुमानगढ़ी का दर्शन किया। इसके उपरांत 23 अक्टूबर को दीपोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी उन्होंने दर्शन किया था। 24 को पुनः मुख्यमंत्री ने रामलला और हनुमानगढ़ी में शीश झुकाकर सुख-समृद्धि की कामना की थी। इसके उपरांत रविवार (27 नवम्बर) को गोरक्षपीठाधीश्वर ने अयोध्या पहुंचने के दौरान दर्शन किया।

व्यापारी नेताओं को किया गया हाउस अरेस्ट
रविवार सुबह मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर बाजार बंदी का आह्वान करने वाले व्यापारी नेताओं को नजरबंद किया गया। व्यापारी नेताओं को घर पर ही हाउस अरेस्ट किया गया। इस कड़ी में व्यापारी नेता नंद कुमार गुप्ता नंदू और पंकज गुप्ता को हाउस अरेस्ट किया गया है।

दूसरी ओर, रामायण मेला समिति की ओर से आयोजित रामायण मेले में 10 दिवसीय राम बाजार एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी का उद्घाटन शनिवार को महंत अवधेश दास ने किया। रामायण मेले के तृतीय पोस्टर का विमोचन भी किया गया। प्रदर्शनी में एक जनपद एक योजना के तहत कई स्टाल लगाए गए हैं। इस अवसर पर कमलेश सिंह, शैलेंद्र मोहन मिश्र, सूर्य नारायण सिंह, नंद कुमार मिश्र, नागा राम लखन दास, जनार्दन उपाध्याय, श्रीनिवास शास्त्री सुरेंद्र सिंह, शिवम मिश्रा समेत अन्य मौजूद रहे।