Breaking News

लाल रंग देखकर मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत भड़क जाते हैं उन्हें लाल रंग में लाल डायरी ही नजर आती है और कुछ नहीं: अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राजस्थान के कुचामन में एक जनसभा में तंज कसते हुए कहा कि लाल रंग देखकर मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत भड़क जाते हैं। उन्हें लाल रंग में लाल डायरी ही नजर आती है और कुछ नहीं। उन्होंने कहा कि विगत पांच साल में गहलोत सरकार ने राजस्थान को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। गहलोत सरकार सबसे भ्रष्ट सरकार है। शाह ने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी न देश को सुरक्षित रख सकती है, न देश को समृद्ध कर सकती है। उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत के प्रशंसक उन्हें जादूगर कहते हैं वो जादूगर तो है ही…इन्होंने जादूकर राजस्थान में बिजली गुल कर दी। स्वास्थ्य की सुविधाएं को धुमिल करने का काम अशोक गहलोत ने किया। रोजगारी और कानून-व्यवस्था भी गुम कर दी।

शाह ने कहा कि राजस्थान की भूमि सदियों से सम्मान और गौरव की भूमि रही है। जिसने मुगलों की आंधी के सामने डटकर मुकाबला किया और उनको रोकने का काम किया। राजस्थान की भूमि ने वीरता की कई कहानियां गढ़ी हैं। लेकिन 5 साल में गहलोत सरकार ने इस वीर भूमि को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने दावा किया कि गहलोत ने यहां खनन विभाग में 66 हजार करोड़ का घोटाला किया। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार में घोटाले इस हद तक बढ़ गये हैं कि जांच करने वाले भी कहते हैं कि जहाँ हाथ डालते हैं वहीं घोटाला मिलता है। उन्होंने कहा कि गहलोत जी आपको शर्म आनी चाहिए, आप जिस सचिवालय में बैठते हैं, वही आपकी नाक के नीचे से 2.5 करोड़ रूपये और किलो में सोना जब्त होता है। ऐसी घटना देश में और कहीं नहीं हुई। गृह मंत्री ने कहा कि गहलोत सरकार में अवैध खनन इतना बढ़ गया कि एक संत को भूमि की रक्षा के लिए अपनी जान तक देनी पड़ी, उसके बाद भी गहलोत साहब की नींद तक नहीं खुली।

कांग्रेस का दावा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग को नरेंद्र मोदी का जवान बताते हुए कटाक्ष किया और कहा कि प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं वहां पहले प्रचार के लिए इन एजेंसियों को भेजते हैं और फिर जाकर भाषण देते हैं। अध्यक्ष ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री अब गरीबों के बारे में सोच रहे हैं क्योंकि चुनाव आ रहे हैं। खरगे ने प्रधानमंत्री द्वारा मुफ्त राशन योजना को पांच साल के लिए बढ़ाने की घोषणा के कुछ दिन बाद ही यह कटाक्ष किया है। खरगे ने मोदी सरकार पर गरीबों को परेशान करने और अडाणी जैसे अपने उद्योगपति दोस्तों का समर्थन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, बड़े बड़े कारखानों में.. जो लोग काम करते है, वो गरीब करते हैं..आज अनुसूचित जाति को जो आरक्षण मिलता है.. अनुसूचित जनजाति को जो आरक्षण मिलता है.. पिछड़ी जाति को जो आरक्षण मिलता है, उसे बंद कराने के लिए ये बड़े बड़े सरकारी कारखाने को एक-एक कर बीमार कर रहे हैं.. बीमार करने वाले नेता लोग देश की क्या भलाई करते है।’