Breaking News

भाजपा ने 4 राज्यों के लिए घोषित किए पर्यवेक्षक, अमित शाह यूपी तो राजनाथ संभालेंगे उत्तराखंड की कमान

हाल में ही उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे आए हैं। इन 5 राज्यों में से 4 राज्यों में भाजपा ने एक बार फिर से सत्ता में वापसी की है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में एक बार फिर से सरकार बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। भाजपा ने इसके लिए पर्यवेक्षकों की घोषणा भी कर दी है। उत्तर प्रदेश में पर्यवेक्षक के तौर पर खुद गृह मंत्री अमित शाह जाएंगे। जबकि उनके साथ झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास होंगे। आपको बता दें कि चुनावी जीत के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद दिल्ली पहुंचे थे जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, अमित शाह और नितिन गडकरी से मुलाकात की थी।

बात अगर उत्तराखंड के करें तो वहां भाजपा के लिए सबसे ज्यादा चुनौती है। उत्तराखंड में भाजपा ने तो चुनाव जबरदस्त तरीके से जीता है। लेकिन खुद पुष्कर सिंह धामी हर चुनाव हार गए हैं। आपको बता दें कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ही भाजपा उत्तराखंड में चुनाव लड़ रही थी। उत्तराखंड में भाजपा को 70 में से 47 सीटें हासिल हुई है। भाजपा की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को उत्तराखंड का पर्यवेक्षक बनाया गया है। राजनाथ सिंह के साथ उत्तराखंड में केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी भी सह- पर्यवेक्षक के तौर पर रहेंगे। मणिपुर में भी भाजपा इस बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाती दिखाई दे रही है। मणिपुर में भाजपा ने 60 में से 31 सीटों पर जीत हासिल की है।

मणिपुर में पर्यवेक्षक के तौर पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को भेजा जाएगा। निर्मला सीतारमण के साथ केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू भी मणिपुर जाएंगे। अब बात गोवा की करते हैं। गोवा में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की दहलीज पर खड़ी है। 40 सीटों वाली गोवा विधानसभा में भाजपा ने 20 सीटों पर जीत हासिल की है। भाजपा को कुछ अन्य दलों का समर्थन भी मिला है। नरेंद्र सिंह तोमर गोवा में बतौर पर्यवेक्षक जाएंगे। नरेंद्र सिंह तोमर के साथ केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन भी उनके साथ गोवा जाएंगे।