Breaking News

जन्मदिवस विशेष महिला प्रथम राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल: भारत की महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए जीवन समर्पित करने वाली

अपने प्रारम्भिक जीवन में टेनिस की खिलाड़ी रह चुकी प्रतिभा देवी सिंह पाटिल का नाम हर भारतीय के लिए प्रेरणादायक है। प्रतिभा देवी सिंह भारत पहली महिला राष्ट्रपति के रूप में देश के सर्वोच्च पद पर आसीन हुई और अपनी प्रतिभा को साबित किया।

प्रारम्भिक जीवन
प्रतिभा देवी सिंह पाटिल का जन्म 19 दिसम्बर 1934 को महाराष्ट् के जलगांव में हुआ था। इनके पिता नारायण राव एक राजनेता थे। प्रतिभा देवी सिंह की शुरूआती शिक्षा जलगांव में ही हुई। उन्होंने यहां के मूल जी जेठा कॉलेज से ग्रेजुएशन की शिक्षा पूरी की। इसके बाद उन्होंने मुंबई से वकालत की पढाई पूरी की। कॉलेज में प्रतिभा को टेनिस की शानदार खिलाड़ी के रूप में जाना जाता था। उनकी सुंदरता के चलते कॉलेज के दिनों में प्रतिभा देवी को क्वीन ऑफ़ कॉलेज का ख़िताब मिला था। 1965 में प्रतिभा पाटिल का विवाह देवी सिंह रणसिंह शेखावत के साथ हुआ जो उस समय प्रोफ़ेसर थे।

राजनीतिक जीवन की शुरुआत
शुरूआती जीवन में प्रतिभा सिंह पाटिल सामाजिक सेवा के कार्यो से जुड़ी थी। उनका मुख्य उद्देश्य महिलाओं की स्थिति को बेहतर बनाना था और वह इसी क्षेत्र में काम करती थी। प्रतिभा देवी सिंह ने जलगांव से विधानसभा सदस्य का चुनाव लड़ा और विजयी हुई। यहां से उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई। अपने व्यवहार कुशलता के कारण प्रतिभा देवी सिंह ने कांग्रेस के टिकट पर मुक्ति नगर विधान सभा से लगातार चार बार विजय प्राप्त की। बाद में महाराष्ट्र सरकार में 1967-72 में उप मंत्री का पद संभाला इसके बाद 1974 तक समाज कल्याण मंत्री रहीं। इसके बाद उन्होंने अन्य मंत्रालयों के लिए भी कार्य किया।

प्रतिभा पाटिल कैसे बनीं राष्ट्रपति
प्रतिभा पाटिल 1988 तक राज्यसभा के उपसभापति के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात उन्होंने 1991 में अमरावती लोकसभा पर विजय हासिल की। बाद में 2004-2007 तक राजस्थान के राज्यपाल के रूप में काम किया। राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के दौरान प्रतिभा पाटिल ने भैरो सिंह शेखावत को लगभग 3 लाख मतों से परास्त किया। 25 जुलाई 2007 को प्रतिभा पाटिल देश की पहली महिला राष्ट्रपति बनीं।