Breaking News

BIG NEWS : राष्ट्रपति कोविंद की बहू को भाजपा ने नहीं दिया टिकट, निर्दलीय उतरीं मैदान में

नई दिल्ली। यूपी नगरनिकाय चुनाव में तमाम दावेदारों ने सत्ताधारी भाजपा से टिकट के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिए। कुछ को टिकट मिला तो कुछ को निराशा हाथ लगी। निराश दावेदारों में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की बहू का नाम भी शुमार हो गया। भाजपा ने उनकी बहू की दावेदारी को खारिज कर दी। जिस पर वह भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ निर्दल ही चुनाव लड़ेंगी।

झींझक नगर पालिका के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के परिवार से दो लोगों की दावेदारी को दरकिनार कर भाजपा ने तीसरे को टिकट दे दिया। इस पर राष्ट्रपति की भतिज बहू ने निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की है। वह नौ नवंबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगी। झींझक नगर पालिका अनुसूचित महिला के लिए आरक्षित होने के बाद इस बार भाजपा से राष्ट्रपति के परिवार के दो लोगों ने टिकट के लिए आवेदन किया था।

टिकट मांगने वालों में उनकी भाभी विद्यावती के अलावा भतीजे पंकज कोविंद की पत्नी दीपा कोविंद शामिल थीं। मंगलवार को जारी हुई भाजपा की सूची में उनके परिवार के किसी सदस्य का नाम नहीं है। भाजपा ने सरोजनी देवी कोरी को झींझक से उम्मीदवार घोषित किया है। सूची जारी होते ही दीपा कोविंद ने निर्दलीय ताल ठोंकने का ऐलान किया है। दीपा के पति पंकज ने बताया कि तीन महीने से चुनाव को लेकर तैयारियां कर रहे थे। सूची में स्थान न मिलने पर जनता के आदेश पर ही दीपा ने मैदान में उतरने का फैसला किया है।