Breaking News

अखिलेश ने कानून व्यवस्था को लेकर कसा भाजपा पर तंज, कहा-यू0पी0 में महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं

मैनपुरी पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था खराब है, लेकिन सरकार यह स्वीकार करने को तैयार नहीं है।
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार को मैनपुरी पहुंचे। वह शहर स्थित श्रीएकरसानंद आश्रम में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। उन्होंने दैवी संपद मंडल के परमाध्यक्ष स्वामी शारदानंद सरस्वती को श्रद्धांजलि दी। बता दें कि शारदानंद सरस्वती छह नवंबर की रात ब्रह्मलीन हो गए थे। सोमवार को आश्रम परिसर में श्रद्धांजलि सभा के साथ ही षोडशी भंडारे का आयोजन किया गया।

अखिलेश यादव ने शारदानंद सरस्वती की समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित किया। इसके बाद भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। यहां पत्रकार वार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर यूपी सरकार नाकाम रही है। इसी के चलते कभी बेटी सूटकेस में मिलती है तो कभी आजमगढ़ जैसे जघन्य अपराध होते हैं। आज प्रदेश में महिलाओं पर सबसे अधिक अपराध हो रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आज महिलाएं और बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है। वहीं, सरकार यह स्वीकार करने को तैयार नहीं है कि उनकी कानून व्यवस्था खराब है। मैनपुर उपचुनाव पर अखिलेश यादव ने कहा कि मैनपुरी की जनता का सीधा संपर्क और रिश्ता नेताजी (मुलायम सिंह यादव) से था। यहां की जनता से जो विकास देखा है। जो पहचान नेताजी ने बनाई है, उसका परिणाम आठ दिसंबर को दिखाई देगा।