रायबरेली। लालगंज कोतवाली क्षेत्र में एक बालिका की पत्थर से कूंचकर हत्या कर दी गई। उसका शव शनिवार को गांव के बाहर खेत में पड़ा मिला। परिवारीजनों ने रेप के बाद हत्या की आशंका जताई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म व हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। उधर, खबर पाकर एसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
लालगंज के एक गांव निवासी बालिका (12) अपने नाना के यहां रहती थी। जबकि उसके परिवार समेत पिता दिल्ली में रहकर काम करते हैं। बताते हैं कि शुक्रवार शाम उसके घर की बकरियां खेत से नहीं लौटीं थी। इस पर नाना ने उसे बकरियों को खोजने भेज दिया। कुछ देर बाद बकरी तो घर आ गईं लेकिन वह नहीं लौटी।
काफी देर बीतने के बाद भी जब वह नहीं आई तो ग्रामीणों की मदद से उसकी खोजबीन शुरू हुई। लेकिन कुछ पता नहीं चला। शनिवार सुबह फिर ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। इसी बीच गांव के बाहर एक खेत में उसका शव पड़ा मिला। खबर पाकर परिवारीजन भी मौके पर पहुंच गए और बच्ची की शिनाख्त की।
बताते हैं कि शव के पास ही खून से सना हुआ एक पत्थर पड़ा था जिससे प्रतीत हो रहा था कि चेहरे को बुरी तरह पत्थर से कूंचा गया है। उसके कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे, जिसके आधार पर परिवारीजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई। ग्रामीणों ने बताया कि पहचान छिपाने के लिए बच्ची का चेहरा बुरी तरह से क्षत-विक्षत किया गया था।