Breaking News

कुर्सी संभालते ही CM नायब सिंह सैनी का बड़ा फैसला, राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में क्रोनिक किडनी रोगियों के लिए मुफ्त डायलिसिस सेवाओं की घोषणा की

भाजपा के नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में हरियाणा सिविल सचिवालय में हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में आज अपना कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार संभालते ही उन्होंने हरियाणा के लोगों के लिए बड़ा फैसला लिया है। डीपीआर हरियाणा ने बताया कि कार्यभार संभालने के बाद सीएम नायब सिंह सैनी ने राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में क्रोनिक किडनी रोगियों के लिए मुफ्त डायलिसिस सेवाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भविष्य में सभी मेडिकल कॉलेजों में भी निःशुल्क डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद नायब सिंह सैनी ने एक्स पर एक लंबा पोस्ट साझा किया है। अपने पोस्ट में नायब सिंह सैनी ने लिखा कि नॉनस्टॉप हरियाणा के विकास और नवनिर्माण को गतिमान रखने वाले जनादेश के लिए सर्वप्रथम 2.80 करोड़ अपने परिवारजनों का हार्दिक आभार। उन्होंने लिखा कि मेरे जैसे एक सामान्य परिवार से आने वाले कार्यकर्ता को हरियाणा का मुख्य सेवक बनने का अवसर प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का आभार।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी हरियाणा से आपका विशेष स्नेह हमें निरंतर परिश्रम करने के लिए असीमित ऊर्जा प्रदान करता है। सैनी ने लिखा कि आपके प्रेरणादायी नेतृत्व में हरियाणा विकास की नित नई ऊंचाइयों को स्पर्श कर रहा है। विकास की ये नॉनस्टॉप यात्रा प्रदेश में सतत जारी रहेगी। पूर्ण बहुमत की तीसरी बार भाजपा सरकार पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ सुशासन, समानता और गरीब कल्याण के लिए काम करेगी। सैनी 2023 से 2024 तक संक्षिप्त अवधि के लिए भाजपा के हरियाणा राज्य प्रमुख भी रहे। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेता निर्मल सिंह को 3,84,591 वोटों के भारी अंतर से हराकर कुरुक्षेत्र का लोकसभा चुनाव जीता।