Breaking News

पीएम ने भाजपा का पहला सक्रिय सदस्य बन कर पार्टी के सक्रिय सदस्यता अभियान की शुरुआत की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का पहला सक्रिय सदस्य बन कर पार्टी के सक्रिय सदस्यता अभियान की शुरुआत की। इसके बाद भाजपा के तमाम नेता पार्टी की सक्रिय सदस्यता हासिल कर रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बाद आज गृह मंत्री अमित शाह ने भी पार्टी की सक्रिय सदस्यता हासिल की। हम आपको बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी को पार्टी की सक्रिय सदस्यता दिलाते समय खुद भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी मौजूद थे। पार्टी की सक्रिय सदस्यता हासिल करने के बाद प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘विकसित भारत बनाने के हमारे प्रयास को गति प्रदान करना! भाजपा के एक कार्यकर्ता के रूप में पहला सक्रिय सदस्य बनने और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की उपस्थिति में पार्टी के सक्रिय सदस्यता अभियान की शुरुआत करने पर गर्व है।’’ मोदी ने कहा कि पार्टी का सदस्यता अभियान एक ऐसा आंदोलन है जो जमीनी स्तर पर भाजपा को और मजबूत करेगा तथा राष्ट्रीय प्रगति के लिए कार्यकर्ताओं का प्रभावी योगदान सुनिश्चित करेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी का सक्रिय सदस्य होने के लिए एक कार्यकर्ता को एक बूथ या विधानसभा सीट पर 50 सदस्यों को पंजीकृत करना होता है। ऐसे कार्यकर्ता मंडल समिति और उससे ऊपर के पदों के लिए चुनाव लड़ने के पात्र होंगे। साथ ही उन्हें आने वाले समय में पार्टी के लिए काम करने के कई मौके मिलेंगे।’’ प्रधानमंत्री के इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए नड्डा ने कहा कि जमीनी स्तर पर भाजपा की उपस्थिति को और मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने आज सक्रिय सदस्यता अभियान की शुरुआत की है और इस अभियान के पहले सक्रिय सदस्य बन गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह आंदोलन हमारे कार्यकर्ताओं के बीच प्रतिबद्धता और समर्पण की भावना को मजबूत करेगा और उन्हें प्रधानमंत्री मोदी जी के ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण के लिए सक्रिय रूप से योगदान करने के लिए सशक्त करेगा।’’

इस बीच, आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी भाजपा की सक्रिय सदस्यता ली। पार्टी महासचिव विनोद तावड़े इस अवसर पर मौजूद थे। इसके बाद शाह ने पोस्ट किया कि कल प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने भाजपा के पहले सक्रिय सदस्य बनकर ‘सक्रिय सदस्यता अभियान’ की शुरुआत की। मैंने भी इस अभियान के तहत भाजपा की सक्रिय सदस्यता ली। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता अपने बूथ या विधानसभा क्षेत्र में 50 नए सदस्यों को पंजीकृत कर सक्रिय सदस्य बन सकते हैं। यह अभियान न केवल भाजपा के सदस्यता अभियान को और अधिक गति प्रदान करेगा, बल्कि इसके माध्यम से राष्ट्रप्रथम को जीवन का ध्येय बनाने वाले सक्रिय सदस्य भी आगे आएँगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान भाजपा के कर्मठ, सुयोग्य व समर्पित कार्यकर्ताओं को उभारकर भाजपा को दुनिया की सबसे मजबूत पार्टी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला है।

हम आपको यह भी बता दें कि बुधवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी पार्टी की सक्रिय सदस्यता हासिल की थी। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता दुष्यंत कुमार गौतम उपस्थित थे। राजनाथ सिंह ने सक्रिय सदस्यता लेने के बाद पोस्ट किया कि आज सक्रिय सदस्यता अभियान के अन्तर्गत अपनी सक्रिय सदस्यता का नवीनीकरण किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सक्रिय सदस्यता हर कार्यकर्ता को देश और समाज के निर्माण के लिए काम करने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण के इस अभियान से आप भी जुड़िये और पार्टी की सक्रिय सदस्यता ग्रहण कीजिये।

हम आपको बता दें कि भाजपा के सदस्यता अभियान की शुरूआत सितंबर महीने में की गई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने ही इसकी शुरुआत की थी और वह इसके पहले सदस्य बने थे। भाजपा के संविधान के अनुसार सक्रिय सदस्य ही संगठन का चुनाव लड़ सकते हैं। सभी पुराने सदस्यों को भी अपनी सदस्यता का नवीनीकरण करवाना होता है।