Breaking News

यह चुनाव युवाओं के भविष्य को बचाने का है : अखिलेश

कासगंज भाजपा सरकार में इनामी माफिया क्रिकेट खेल रहे हैं। पुलिस कप्तान फरार चल रहे हैं। पुलिस हिरासत में युवक की मौत हो गई। गोरखपुर में पुलिस ने ही व्यापारी की हत्या कर दी है। भाजपा नेता कह रहे थे कि गर्मी निकाल देंगे। पहले चरण के मतदान के बाद उनके तेवर ठंडे पड़ गए हैं। रविवार को सहावर के गांव फरौली में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था पर भाजपा सरकार को घेरा। इसके बाद उन्होंने एटा और फिरोजाबाद के सिरसागंज में भी सभाएं कीं। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के पास काई मुद्दा नहीं बचा है तो कानून व्यवस्था की बात करते हैं। कानून व्यवस्था को न मानने वाले सपा को वोट न दें। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी उन्होंने कटाक्ष किए। उन्होंने सवाल उछालते हुए लोगों से पूछा कि बाबा के कार्यकाल में कासगंज में हिरासत में युवक की मौत हो गई। 26 जनवरी को कासगंज में हुई हिंसा में इन्हीं लोगों की वजह से युवक की जान चली गई। मृतक की मां ने ही बताया कि भाजपा नेताओं से मिलने के बाद भी उसकी मदद नहीं हुई। गोरखपुर में पुलिस ने व्यापारी की जान ले ली। एक पुलिस अफसर अभी तक फरार हैं। अब बताएं ये घटनाएं किसके राज में हुई हैं

महंगाई, बेरोजगारी बढ़ी, युवा घूम रहे

उन्होंने कहा कि देश की 28 बैंकों के रुपये लेकर एक और उद्योगपति भी भाजपा सरकार में ही विदेश भाग गए हैं। गरीबों को हवाई जहाज में चलाने की बात करते थे। पेट्रोल व डीजल महंगे हो गए तो गरीब की गाड़ी भी नहीं चल पा रही है। महंगाई, बेरोजगारी बढ़ी है। लाखों युवा बेरोजगार घूम रहे हैं।