Breaking News

विश्व प्रसिद्ध भगवान महाकालेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि पर उमड़ी भक्तों की भीड़

उज्जैन । महाशिवरात्रि पर्व पर आज मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध भगवान महाकालेश्वर मंदिर में दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रतिदिन तड़के होने वाली भस्म आरती के बाद हजारों दर्शनार्थियों ने दर्शन किए। भूतभावन बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में महाशिवरात्रि पर्व पर अलग ही उल्लास देखा जा रहा है। यहाँ महाशिवरात्रि पर्व विवाहोत्सव के रूप में मनाई जा रही है और मंदिर के विशाल परिसर को विवाह मंडप के रूप में सुसज्जित किया गया है।
महाकालेश्वर मंदिर पवन समिति के अनुसार महाशिवरात्रि पर्व पर भगवान महाकालेश्वर मंदिर के पट रात्रि ढाई बजे खोल दिए गए और भस्म आरती के साथ दर्शनार्थियों का दर्शन का सिलसिला जारी है। मंदिर में उसके बाद से भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए भक्तों की उमड़ रही है। दूल्हा बने बाबा महाकाल का जलाभिषेक और पंचामृत अभिषेक कर भांग से मनमोहक श्रृंगार किया गया है और उन्हें भस्म अर्पित कर आरती की गयी। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने राजाधिराज बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किये। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पंक्ति में लगकर भगवान महाकाल के दर्शन किए और यह सिलसिला जारी है।
महाशिवरात्रि पर्व के पूर्व कल रात से बाबा महाकाल के दर्शन के लिए देश विदेश की दर्शनार्थियों का आने का सिलसिला शुरु हो गया था और मंदिर में भक्तों का तांता लगा हुआ है। इस दौरान मन्दिर प्रबंध समिति और पुलिस और प्रशासन द्वारा सभी को दर्शन कराने की व्यापक व्यवस्था की गयी है।