नयी दिल्ली। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और द्रमुक के उम्मीदवार शनिवार को विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में 13 सीट में से 11 पर बढ़त बनाए हुए हैं। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रुझानों के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार, जबकि बिहार की रूपौली सीट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में भाजपा के सहयोगी जनता दल (यूनाइटेड) के प्रत्याशी ने बढ़त बना रखी है। पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, बिहार और तमिलनाडु में उपचुनाव के लिए बुधवार को मतदान हुआ था।
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, रायगंज में भाजपा दूसरे स्थान पर है और 21,393 मतों से पीछे है। राणाघाट दक्षिण में पार्टी 2,139 मतों, बगदाह में 8,278 मतों तथा मानिकतला में 3,041 मतों से पीछे है। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की उम्मीदवार व मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर देहरा जबकि हरदीप सिंह बावा नालागढ़ सीट पर आगे हैं जबकि भाजपा के आशीष शर्मा हमीरपुर में बढ़त बनाए हुए हैं। देहरा में कमलेश ठाकुर भाजपा के होशियार सिंह से 6,115 मतों से आगे हैं, हमीरपुर में कांग्रेस के पुष्पेंद्र वर्मा भाजपा के आशीष शर्मा से 67 मतों से पीछे हैं तथा नालागढ़ में कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा भाजपा के के. एल ठाकुर से 3,078 मतों से आगे हैं।
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपब्ल्ध रूझानों के अनुसार, उत्तराखंड में बद्रीनाथ और मंगलौर सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार लखपत सिंह बुटोला और काजी निजामुद्दीन दोनों आगे हैं। बद्रीनाथ में भाजपा के राजेंद्र भंडारी 1,161 मतों से पीछे हैं, जबकि मंगलौर में बसपा के उबैद-उर रहमान दूसरे स्थान पर और भाजपा के करतार सिंह भड़ाना तीसरे स्थान पर हैं।