Breaking News

रामलीला मैदान पहुंचे बड़े नेता, सुनीता केजरीवालभी मंच पर मौजूद, रैली में पढ़ेंगी दिल्ली के मुख्यमंत्री का संदेश

दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की महारैली शुरू हो गयी है। विपक्षी गठबंधन दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ इस रैली का आयोजन कर रहा है। रामलीला मैदान में हर जगह केजरीवाल के पोस्टर लगाए गए हैं, जिसमें उन्हें जेल की सलाखों के पीछे दिखाया गया है। केजरीवाल के पोस्टर पर ‘तानाशाही हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ का संदेश भी लिखा गया है। अरविंद केजरीवाल की एक तस्वीर माइक पोडियम पर रखी गई है, जहां से नेता रैली को संबोधित करने वाले हैं।

रामलीला मैदान पहुंचे कई नेता

‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली में हिस्सा लेने के लिए गठबंधन के कई नेता रामलीला मैदान पहुंच गए हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, संजय राउत, बृंदा करात, महबूबा मुफ्ती, झारखंड के सीएम चंपई सोरेन, भूपिंदर हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा और कैलाश गहलोत समेत गठबंधन के शीर्ष नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, शरद पवार, उद्धव ठाकरे, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव रामलीला मैदान में मौजूद है। केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी मंच पर मौजूद हैं।

रैली को संबोधित करेंगी सुनीता केजरीवाल

अरविन्द केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली में पहुंच चुकी हैं। वह रैली को संबोधित करेंगी। सूत्रों के मुताबिक, सुनीता केजरीवाल अपने पति का संदेश पढ़ेंगी। सुनीता केजरीवाल के अलावा संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह और झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी रैली को संबोधित करेंगी। ख़बरों के मुताबिक, सुनीता केजरीवाल की कुर्सी को कांग्रेस पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के बगल में रखी गयी है। दोनों एक-दूसरे के अगल-बगल बैठेंगी।