कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ गुजरात चरण के अंतिम दिन रविवार को सूरत में बारदोली के लिए आगे बढ़ी, जहां कांग्रेस नेता ऐतिहासिक स्वराज आश्रम जाएंगे। आश्रम का निर्माण 1922 में सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने निवास स्थान के रूप में कराया था और इसका इस्तेमाल बारदोली सत्याग्रह की योजना बनाने और उसे क्रियान्वित करने में किया गया था। बारदोली सत्याग्रह तत्कालीन अंग्रेजी हुकूमत की ओर से किसानों पर बढ़ाए गए कर के खिलाफ किसानों का आंदोलन और एक राष्ट्रवादी आंदोलन था। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी भी 1936 और 1941 में एक महीने के लिए इस आश्रम में रुके थे।