Breaking News

भाजपा, सपा व बसपा के लोग धर्म और जाति की राजनीति करते हैं: प्रियंका गांधी

गोरखपुर, कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि पांच वर्ष की भाजपा सरकार ने विकास, किसान, व्यापारी, महिलाओं और नौजवानों के लिए कुछ नहीं किया। 12 लाख पद खाली हैं। कांग्रेस की सरकार बनी तो 20 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। 12 लाख पद जो रिक्त हैं, वे भरे जाएंगे और
आठ लाख नए रोजगार बनाएं जाएंगे। भाजपा, सपा व बसपा के लोग धर्म और जाति की राजनीति करते हैं, जबकि कांग्रेस पार्टी विकास की राजनीति करती है।

प्रियंका गांधी ने सिद्धार्थनगर जिले के इटवा स्थित माता प्रसाद जायसवाल इंटर कालेज में कांग्रेस प्रत्याशी अरशद खुर्शीद के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर रही थीं। प्रियंका ने उदाहरण देते हुए समझाया कि 25 साल के लड़के को पढ़ाते, लिखाते हैं पर वह आलसी है। आप खाना, कपड़ा, मोबाइल, मोटर साइकिल दिलाते चले जाएं तो यही आलसी बच्चा निकम्मा होता चला जाएगा। यही स्थिति नेताओं की है। धर्म-जाति के नाम पर वोट ले लेते हैं और विकास के लिए कुछ नहीं करते हैं, जनता उनसे सवाल न पूछकर उन्हें निकम्मा बना देती है। आप शिक्षा, रोजगार, विकास, महंगाई के नाम पर सवाल पूछे, तभी ये नेता इन मुद्दों को गंभीरता से लेंगे।

उन्होंने कहा कि आपके और हमारे पूर्वजों ने आजादी की लड़ाई लड़ी। किसी ने धर्म, जाति नहीं देखी। एक-एक जन ने आजादी की लड़ाई में सहयोग दिया। क्या आजादी इसीलिए दिलाई गई थी कि 21 वीं सदी में नौजवान बेरोजगार रहे, बेटियों पर अत्याचार हो, कोई उद्योग न रहे। आजादी इसलिए दिलाई कि शिक्षित नौजवानों को नौकरी मिले, हर कोई अपने पैर पर खड़ा रहकर आत्मनिर्भर बने। पर ऐसा इसलिए नहीं हो रहा है कि राजनैतिक पार्टियां धर्म और जाति के नाम इस्तेमाल करके हमारा वोट ले लेती हैं। बड़ी संस्थाएं जो कांग्रेस ने बनवाई थी उसको अमीर उद्योगपतियों के हाथों बेच डाला।