Breaking News

पंजाब किंग्स के नए कप्तान बने मयंक अग्रवाल

नई दिल्ली। आईपीएल टीम पंजाब किंग्स ने मयंक अग्रवाल को अपना नया कप्तान नियुक्त किया है। पंजाब की टीम आईपीएल 2022 में मयंक की अगुवाई में ही खेलेगी। मयंक अग्रवाल से पहले लोकेश राहुल इस टीम के कप्तान थे। अग्रवाल ने इससे पहले किसी आईपीएल टीम की कप्तानी नहीं की है। हालांकि, इस सीजन में पहले से ही उनका कप्तान बनना तय माना जा रहा था। मेगा ऑक्शन से पहले पंजाब की टीम ने सिर्फ दो खिलाड़ियों को रीटेन किया था। मयंक अग्रवाल पहले खिलाड़ी थे, जिन्हें फ्रेंचाइजी ने जाने से रोका था। उनके अलावा अनकैप्ड तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को रीटेन किया गया था। इसके बाद मयंक का कप्तान बनना तय माना जा रहा था।
पंजाब किंग्स की टीम ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर नए कप्तान का एलान किया है। टीम का कप्तान बनाए जाने पर अग्रवाल ने कहा कि वो आईपीएल 2022 में पंजाब किंग्स की कप्तानी मिलने पर बहुत ही खुश हैं। इस बार वो पंजाब के लिए खिताब जीतने की कोशिश करेंगे। पंजाब की टीम अब तक कोई आईपीएल ट्रॉफी नहीं जीत पाई है।

ग्रुप बी में है पंजाब की टीम
आईपीएल 2022 में पंजाब को ग्रुप बी में रखा गया है। इसमें उसे चेन्नई, हैदराबाद, दिल्ली, बैंगलोर और गुजरात के साथ, दो-दो मैच खेलने होंगे। वहीं मुंबई, कोलकाता, राजस्थान और लखनऊ के खिलाफ एक मैच खेलना होगा।

मयंक से पहले राहुल थे कप्तान
मयंक से अग्रवाल से पहले लोकेश राहुल पंजाब किंग्स के कप्तान थे। उनकी अगुआई में पंजाब ने दो सीजन में अच्छा प्रदर्शन किया था। हालांकि, मेगा ऑक्शन से पहले राहुल ने खुद को टीम से अलग करने का फैसला किया। इसके बाद लखनऊ की टीम ने उन्हें ड्रॉफ्ट में 17 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा। इसके बाद मयंक ही कप्तानी के प्रबल दावेदार थे और अब उन्हें ही टीम की कमान सौंप दी गई है। राहुल की कप्तानी में टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था और पिछले सीजन में उनकी टीम ने कई करीबी मैच गंवाए थे। टीम अंकतालिका में छठवें स्थान पर थी। पंजाब ने 14 में छह मैच जीते थे, जबकि आठ में उसे हार का सामना करना पड़ा था।

2022 मेगा ऑक्शन से पहले सबसे कम खिलाड़ी पंजाब ने ही रिटेन किए थे। पंजाब ने सिर्फ दो खिलाड़ी रीटेन किए थे और नीलामी में सबसे ज्यादा पैसे के साथ उतरी थी। अब इस टीम के पास शिखर धवन, कगिसो रबाडा, लियम लिविगस्टोन और जानी बेयरस्टो जैसे बेहतरीन खिलाड़ी हैं।