Breaking News

दो न्यायाधीशों के स्थानांतरण की सिफारिश यदि केंद्र द्वारा स्वीकार कर ली जाती है, तो दिल्ली उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या घटकर 40 हो जाएगी

उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने बुधवार को दिल्ली उच्च न्यायालय के दो न्यायाधीशों को कर्नाटकऔर मध्य प्रदेश उच्च न्यायालयों में स्थानांतरित करने की सिफारिश की। प्रधान न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाले पांच-सदस्यीय कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव के किसी अन्य अदालत में स्थानांतरित करने के अनुरोध पर उन्हें कर्नाटक उच्च न्यायालय में स्थानांतरित कर दिया।

कॉलेजियम ने अपने प्रस्ताव में कहा, “चार मार्च, 2024 को एक पत्राचार द्वारा, दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव ने किसी अन्य उच्च न्यायालय में स्थानांतरण का अनुरोध किया है। उनके अनुरोध को स्वीकार करते हुए, कॉलेजियम न्याय के बेहतर प्रशासन के हित में न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव को कर्नाटक उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने की सिफारिश करता है।”

कॉलेजियम में न्यायमूर्ति संजीव खन्ना, न्यायमूर्ति बी.आर. गवई, न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस भी शामिल हैं। कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने की भी सिफारिश की।

प्रस्ताव में कहा गया है, “तीन मार्च, 2024 को एक पत्राचार द्वारा, दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा ने किसी अन्य न्यायालय में स्थानांतरित होने की इच्छा व्यक्त की है। उनके अनुरोध को स्वीकार करते हुए, कॉलेजियम ने न्याय के बेहतर प्रशासन के हित में न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने की सिफारिश का निर्णय लिया है।”

दो न्यायाधीशों के स्थानांतरण की सिफारिश यदि केंद्र द्वारा स्वीकार कर ली जाती है, तो दिल्ली उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या घटकर 40 हो जाएगी। उच्च न्यायालय में 15 अतिरिक्त न्यायाधीशों सहित 60 न्यायाधीशों की स्वीकृत शक्ति है।