Breaking News

दिनदहाड़े कोचिंग पढ़ने गये छात्र की चाकू घोपकर निर्मम हत्या कर दी गई ;;दो अन्य वारदातों से पुलिस हुई सतर्क

प्रतापगढ़,थाना कंधई क्षेत्र के करमाही गांव निवासी संजय सिंह के इकलौते पुत्र कक्षा 12 के छात्र सागर सिंह की बुधवार को प्रातः 09 बजे कालूराम इंटर कालेज के निकट स्थित कैरियर कोचिंग के भीतर घुसकर चाकू घोंप कर दिन दहाड़े निर्मम हत्या कर दी गई। सागर के पिता संजय सिंह मुंबई में टैक्सी चलाकर जीवन यापन करते हैं। उनके तीन पुत्रियां हैं और सागर इकलौता पुत्र था। इस दुस्साहसिक हत्या की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
कोचिंग क्लास में सागर को चाकू घोंपने की घटना पर कोचिंग संचालक शिवराम उपाध्याय अन्य सहपाठियों के साथ सागर को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाबा बेलखरनाथ धाम ले गए। जहां डाक्टरों ने नाजुक हालत देखकर सागर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही सागर की सांसें थम गई। हमलावर सूर्य प्रकाश रावत पुत्र प्रेम कुमार ग्राम विंदागंज थाना रानीगंज एवं दो अज्ञात के नाम कंधई थाना में तहरीर दी गई है और हमलावरों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के पश्चात शव आने पर वहां कोहराम मच गया। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए ग्रामीणों ने प्रतापगढ़ पट्टी मार्ग पर जाम लगा दिया है। क्षेत्राधिकारी पट्टी दिलीप सिंह, थानाध्यक्ष कंधई सत्येन्द्र सिंह कई थानों की फोर्स के साथ घटनास्थल पर डटे हुए हैं। कैबिनेट मंत्री मोती सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। बता दें कि सागर के पिता संजय सिंह अपनी माता की तेरहवीं कार्यक्रम को संपन्न करने के लिए आए थे लेकिन उन्हें क्या पता था कि इकलौते लाल का अंतिम संस्कार भी करना पड़ेगा। अन्य घटनानुसार थाना संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रामापुर निवासी राकेश पटेल बीती रात खेत की रखवाली करने गया था। काफी देर तक घर वापस नहीं आने पर परिवार के लोगों द्वारा खोजबीन की गई तो संदिग्ध परिस्थितियों में राकेश पटेल का शव खेत में मिला, जिससे ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। सूचना पर थानाध्यक्ष संग्रामगढ़ अनिल पांडेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। परिजनों ने अज्ञात पर हत्या की आशंका जताई है। एक और घटना कोतवाली मान्धाता थाना क्षेत्र के गांव पुरैली में बीती रात घटी है। ग्राम पुरैली की रहने वाली खुशबू सिंह उम्र 18 वर्ष पुत्री सुनील सिंह ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली है। इस घटना के बारे में पुलिस जांच के बाद हकीकत सामने आयेगी।