Breaking News

जिला जज ने विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

मऊ। विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रचार वाहन को जिला जज रामेश्वर और प्राधिकरण के सचिव कुवंर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने मंगलवार को हरी झंडी दिखाकर दीवानी कचहरी से रवाना किया। प्रचार वाहन जिले के अंदर कस्बों और ग्रामीण अंचलों राष्ट्रीय लोक अदालत और विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं के बावत लोगों को जानकारी देने के लिए रवाना किया गया। तथा लोगों से राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कराए जाने की अपील की गई। जिला जज रामेश्वर ने कहा कि ‘न्याय तक पहुंच’ कानून के नियमों की संकल्पना में आवश्यक तत्वों में से एक है। संवैधानिक परिकल्पना, न्याय को समान आधार पर बढ़ावा देने का प्रावधान है,ताकि कोई व्यक्ति आर्थिक या अन्य अक्षमताओं के कारण न्याय से वंचित न रहे। इस लिए विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 को अधिनियमित किया गया। जिसमे उन लोगों की विशिष्ट श्रेणियों को सूचीबद्ध किया, जो मुफ्त कानूनी सेवाओं के हकदार होंगे। विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुवंर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि विधि की गरिमा न्याय से है। त्वरित एवं सस्ता न्याय सुनिश्चित किया जाना न्याय प्रणाली के समक्ष सबसे बड़ी समस्या एवं चुनौती है। एक तरफ अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य दलित वर्ग के लोगों की पहुँच न्यायालय तक आसानी से नहीं हो पाती, जिससे उन्हें सामाजिक न्याय उपलब्ध हो सके। वहीं दूसरी ओर न्यायालय में लम्बित वादों की प्रत्येक वर्ष अत्यधिक संख्या में वृद्धि होने के कारण न्याय प्रणाली के द्वारा शीघ्र एवं सस्ता न्याय उपलब्ध कराने की समस्या हो रही है। इसी उद्देश्य से केन्द्र स्तर पर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, राज्य स्तर पर राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उच्च न्यायालय स्तर पर उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति, जिला स्तर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं तहसील स्तर पर तहसील विधिक सेवा समिति का गठन किया गया है। ताकि कोई भी नागरिक आर्थिक अक्षमता या अन्य कारणों से न्याय प्राप्त करने के समान अवसर से वंचित न रह जाये। इस मौके पर परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश आदिल अफताब अहमद,एडीजे बुद्धिसागर मिश्र, आनंद कुमार सिंह, पंकज मिश्रा, दिनेश कुमार चैरसिया, रामराज, आशिफ इकबाल रिजवी, सीजेएम फर्रुख इनाम सिद्दीकी, एसीजेएम श्वेता चैधरी, वकील, अमित मणि त्रिपाठी, उत्कर्ष सिंह, शैलेश सिंह, बार के अध्यक्ष विरेंद्र बहादुर पाल, हुमा रिजवी आदि लोग उपस्थित रहे।