Breaking News

कोरोना में लगातार गिरावट, बीते 24 घंटों में 14,148 नए मामले आए, एक्टिव केसों की संख्या में आई कमी

नई दिल्ली।देश में बीते दिन कोरोना वायरस के 14,148 नए केस सामने आए और 302 मरीजों की मौत हुई। इस दौरान 30,009 लोग ठीक हुए, जिससे अब तक रिकवर होने वालों की संख्या बढ़कर 4,22,19,896 हो गई। फिलहाल रिकवरी रेट 98.46% है। इस समय देश में 1,48,359 मरीजों की इलाज जारी है। एक्टिव केसों की दर 0.35% है।

फिलहाल डेली पॉजिटिविटी रेट 1.22% है और वीकली पॉजिटिविटी रेट 1.60% है। बुधवार को देश भर में 11,55,147 कोरोना टेस्ट हुए। अब तक 76.35 करोड़ टेस्ट हो चुके हैं। वहीं, कोविड-19 के खिलाफ वैक्सीनेशन कैंपेन जारी है। देश भर में अब तक 176.52 करोड़ वैक्सीन डोज लग चुकी हैं।

महाराष्ट्र में कोरोना के 1,151 नए केस मिले
महाराष्ट्र में बुधवार को कोरोना से पीड़ित 1,151 नए मरीज मिले जबकि 23 मरीजों के दम तोड़ने की पुष्टि हुई। राज्य में कुल मामले 78,61,468 पहुंच गए हैं जबकि 1,43,656 लोगों की जान जा चुकी है। मंगलवार को 1080 मामले मिले थे और 47 लोगों की जान गई थी। मुंबई शहर में 168 तो पुणे में 186 नए मामले मिले हैं। दोनों ही शहरों में बीते 24 घंटे के दौरान किसी भी संक्रमित की मौत नहीं हुई है। पिछले 24 घंटे के दौरान 2594 मरीज संक्रमण से उबरे हैं जिसके बाद संक्रमण से मुक्त होने वाले लोगों की तादाद 77,02,217 हो गई है। राज्य में संक्रमण का उपचार करा रहे लोगों की संख्या 11,604 रह गई है।

मध्य प्रदेश में बुधवार को कोरोना के 690 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10,36,498 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने कहा कि पिछले 24 घंटों में प्रदेश में दो लोगों की मौत इस बीमारी से हुई है। इसे मिलाकर राज्य में अब तक कुल 10,721 लोगों ने इस बीमारी से जान गंवाई है। बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के इंदौर में 74 और भोपाल में 94 नए मामले दर्ज किए गए हैं। प्रदेश में वर्तमान में 5,629 मरीज उपचाराधीन हैं और पिछले 24 घंटों में 1,231 लोगों के स्वस्थ होने से राज्य में इस बीमारी को अब तक 10,20,148 लोग मात दे चुके हैं।