Breaking News

कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा कहा-तीन राज्यों में आखिर मुख्यमंत्रियों की घोषणा में देरी क्यों?

नई दिल्ली कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि तीन दिसंबर को चुनाव परिणाम आए थे। उसके 24 घंटे के भीतर ही तेलंगाना के मुख्यमंत्री की नियुक्ति में तथाकथित देरी के लिए मीडिया में सभी जगह कांग्रेस पार्टी की आलोचना होने लगी थी।

छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में  भाजपा को अपार जनसमर्थन मिला। वहीं कांग्रेस को करारी हार मिली। अब तीनों राज्य अपने मुख्यमंत्री की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच, कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा। उसने पूछा आखिर मुख्यमंत्रियों की घोषणा में देरी क्यों हो रही है?

24 घंटे के भीतर ही तेलंगाना के मुख्यमंत्री…
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि तीन दिसंबर को चुनाव परिणाम आए थे। उसके 24 घंटे के भीतर ही तेलंगाना के मुख्यमंत्री की नियुक्ति में तथाकथित ‘देरी’ के लिए मीडिया में सभी जगह कांग्रेस पार्टी की आलोचना होने लगी थी।

तीन राज्यों के सीएम की घोषणा
उन्होंने आगे कहा, ‘हमारे मुख्यमंत्री की घोषणा तो परसों ही हो चुकी है और आज दोपहर एक बजे वह शपथ लेने जा रहे हैं। पर तीन दिन बीतने के बाद भी भाजपा छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान के लिए अपने मुख्यमंत्रियों की घोषणा तक नहीं कर पाई है।’

रमेश ने कहा कि इस बात को उतनी ही बैचेनी और प्रमुखता से क्यों नहीं उठाया जा रहा है, जहां वास्तव में देर हो रही है?

इतनी सीटों पर जीती भाजपा
पांच राज्यों में से तीन मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिल गया है। मध्य प्रदेश में भाजपा प्रचंड बहुमत पाकर 163 सीटें जीतने में सफल रही। वहीं राजस्थान में भाजपा को 115 सीटों पर जीत मिली। छत्तीसगढ़ में भाजपा 54 सीटें जीतकर सत्ता कब्जाने में सफल रही है। वहीं, तेलंगाना में कांग्रेस को 64 सीटों पर जीत मिली।